खगड़िया : आइसोलेशन सेंटर से पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश फरार, जानें कितने घंटे बाद पकड़ाया

खगड़िया। जिले के मानसी पीएचसी स्थित आइसोलेशन सेन्टर से पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश रुपेश साह शुक्रवार को फरार हो गया। वह मानसी के रोहियार गांव का रहने वाला है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 28 घंटे बाद शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। रुपेश साह को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। कोरोना की जांच में वह पॉजिटिव पाया गया। इस कारण कोर्ट ने उसे जेल भेजने से मना कर दिया था। इसके बाद इलाज के लिए उसे मानसी आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया गया था।

आइसोलेशन सेंटर में उसकी मां व चाची उसे खाना देने गई थी। चौकीदार से बात करने के दौरान बदमाश हथकड़ी खोलकर पीएचसी की पश्चिमी दीवार फांदकर भाग गया। पुलिस ने उसकी मां व चाची को हिरासत में लिया है। बुधवार को रोहियार बहियार में पटना एसटीएफ व मानसी पुलिस से मुठभेड़ में वह घायल हो गया था।
रुपेश साह के खिलाफ मानसी थाना में तीन मामले दर्ज हैं। इसमें 20 मई 2019 को एक शिक्षक की हत्या मामले में भी वह आरोपित है। सदर एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन चौकीदारों की भूमिका संदिग्ध पाते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है।