JDU में पोस्टर विवाद पर साफ बोले अभय कुशवाहा, ललन सिंह और उपेन्द्र कुशवाहा मेरे नेता नहीं

पटना। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के स्वागत में अपने ही नेता के खिलाफ पोस्टर लगाकर पोस्टर वाद को जन्म देने वाले युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने कहा कि जिस पोस्टर को लेकर इतना विवाद खड़ा किया गया, हाय तौबा मचाई गई, उसमें ऐसा कुछ भी नहीं था। बता दें अभय कुशवाहा ने जदयू कार्यालय के बाहर रविवार को पोस्टर लगवाए थे। आरसीपी सिंह के स्वागत वाले इन पोस्टरों में नवमनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की तस्वीर ही नहीं थी, साथ ही जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को भी पोस्टर में जगह नहीं दी गई थी। पोस्टर को लेकर विवाद शुरू हुआ तो बाद में पार्टी कार्यालय पर लगे इस विवादित पोस्टर को आनन-फानन में हटा लिया गया लेकिन अभय कुशवाहा अब भी इसे गलत नहीं मान रहे।
युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने आक्रामक अंदाज में अपनी बातों को रखते हुए कहा है कि जिस पोस्टर को लेकर इतना विवाद खड़ा किया गया, हाय तौबा मचाई गई, उसमें ऐसा कुछ भी नहीं था। आरसीपी सिंह के स्वागत के लिए पोस्टर लगाई गई थी। हमारे नेता नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह की उसमें तस्वीर थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की तस्वीर भूलवश नहीं लगी। अगर उनकी तस्वीर पोस्टर में नहीं थी तो इसमें हाय तौबा मचाने जैसी कोई बात नहीं थी। कुशवाहा ने कहा कि पिछले दिनों जब राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पटना आ रहे थे तो पूर्व अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की तस्वीर पोस्टरों से गायब थी। कुशवाहा ने कहा कि पहले नेतृत्व को उन लोगों से जवाब मांगा चाहिए, जिन्होंने आरसीपी सिंह और उमेश कुशवाहा की तस्वीर पोस्टर से हटाई।
उपेंद्र कुशवाहा की तस्वीर पोस्टर से गायब रहने की बाबत जब अभय कुशवाहा से पूछा गया तो उन्होंने सीधा एलान कर दिया कि उपेंद्र कुशवाहा उनके नेता नहीं है। उनके नेता केवल नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह हैं, बाकी लोग पार्टी में पदाधिकारी हैं। पार्टी में पद मिलता और जाता रहता है, इससे कोई नेता नहीं बन जाता।
श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि अगर वाकई पोस्टर लगाने को लेकर इतनी गाइडलाइन है तो पार्टी को एक प्रोटोकोल वाला गाइडलाइन जारी करना चाहिए। किसकी तस्वीर पोस्टर में रहेगी या नहीं रहेगी, यह पार्टी तय कर दे। अभय कुशवाहा ने कहा कि उनकी नजर में केवल दो ही नेता हैं, बाकी लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए चाहे जो कुछ भी करें, इससे कोई नेता नहीं बन सकता। अभय कुशवाहा ने कहा कि हम आरसीपी सिंह के स्वागत के लिए जोर-शोर से लगे हुए हैं। आरसीपी सिंह अगर पटना में रहेंगे तो यहां भी पार्टी के नेताओं और कार्यकतार्ओं से मिलेंगे। संगठन में आरसीपी सिंह की ताकत कितनी बड़ी है, यह बात सबको मालूम है। कुशवाहा ने कहा कि जो लोग पार्टी के बहाने अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं उनका मकसद पूरा नहीं होगा।

About Post Author

You may have missed