भाजपा के गढ़ में ‘आप’ कर रही सेंधमारी: हर रोज ‘आप’ के काउंटर पर सदस्यता लेने उमड़ रही भीड़

पटना। आम आदमी पार्टी द्वारा पटना जिला के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में लगातार सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। सदस्यता अभियान का नेतृत्व कर रहे विधानसभा अध्यक्ष सुयश ज्योति उर्फ राजा ने बताया कि कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक टीम गठित कर मुसल्लहपुर, शाहगंज, भिखना पहाड़ी, बारिपथ, अशोक नगर, इंद्रा नगर, कंकड़बाग टेम्पू स्टैंड में स्टॉल लगा कर नुक्कड़ सभा के माध्यम से दिल्ली सरकार के विकास कार्यों को आम लोगों के बीच बताया जा रहा है। सुयश ने कहा कि पूरे विधानसभा में पिछले दस दिनों में 1170 लोगों ने स्वेच्छा और उत्साह के साथ पार्टी काउंटर तक आकर सदस्यता ग्रहण किया है। आम लोगों के इस रुझान को देखकर आप कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी बबलू प्रकाश ने कहा कि भाजपा का गढ़ माना जाने वाला पटना मध्य क्षेत्र जो अब कुम्हरार विधानसभा नाम से जाना जाता है, जहाँ तीन बार पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और तीन बार अरुण सिन्हा विधायक रहे, बाबजूद इसके पूरा क्षेत्र जलजमाव का भीषण समस्या झेलने को मजबूर है। बबलु ने कहा कि आमलोगों की बात तो छोड़ दें, यहां के विधायक अरुण कुमार सिन्हा के आवास के आगे थोड़ी सी बारिश में भीषण जलजमाव हो जाता है। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी यहां से विधायक थे, तब भी इस क्षेत्र की यही प्रमुख समस्या थी। खुद मोदी धरना-प्रदर्शन के माध्यम से तत्कालीन सरकार से जलजलाव दूर करने के ठोस उपाय करने की मांग करते थे। आज सुशील मोदी खुद सरकार में है, लेकिन समस्याएँ वहीं की वहीं है। बबलू ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में विकास के नाम पर सिर्फ जुमला है।  युवा प्रकोष्ट के प्रदेश उपाध्यक्ष आदि मेहता ने कहा कि वार्ड स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। पानी की समस्या है। स्थानीय नगर निगम पार्षद क्षेत्र पर ध्यान नहीं देते हैं। हमलोग स्थानीय लोगों की समस्याओं पर संघर्ष कर रहे हैं। सदस्यता अभियान समिति में मो. चाँद, संतोष चौधरी, कमलेश कुमार, आसिफ इक़बाल, रंजीत सिंह, शबाना खान, रजिया सुल्ताना, संतीश कुमार, आदि मेहता आदि शामिल हैं।

About Post Author

You may have missed