February 22, 2026

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार युवा कांग्रेस ने कसी कमर,स्थापना दिवस के अवसर पर होगी एक बड़ी अभियान का शुरुआत

पटना।आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी ने वर्चुअल बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल, प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित यादव, राजेश सन्नी सहित सभी जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, सोशल मीडिया के पदाधिकारी एवं अन्य लगभग 400 युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

वर्चुअल बैठक में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि कोरोना की महामारी ने युवाओं की कमर तोड़ रखी है। लॉकडाउन के कारण लगभग 12 करोड़ लोगों को अपनी नौकरियों से हाथ धोना पड़ा है। इसलिए आगामी 9 अगस्त, युवा कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर युवा कांग्रेस के साथी राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के हक की अंतिम लड़ाई की शुरुआत करेंगे। इसमें युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए देश से लेकर राज्य की हर विधानसभाओं में सरकार की युवा विरोधी नीतियों पर जमकर घेरा जाएगा।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका अत्यंत ही महत्वपूर्ण होने वाली है। इसमें युवा कार्यकर्ताओं पर बड़ी जिम्मेदारी होगी एवं उचित प्रतिनिधित्व भी दिया जाएगा। इसके साथ ही साथ उन्होंने डिजिटल सदस्यता अभियान पर और गति प्रदान करने पर जोर दिया।

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा एवं समस्त कार्यकर्ताओं का आभार जताया एवं कहा कि राहुल गांधी जी की नेतृत्व में बिहार युवा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर नया बिहार रचने और गढ़ने की लड़ाई लड़ेगा। आगामी चुनाव में युवा कांग्रेस के साथी फ्रंट से लीड करते नजर आएंगे।

इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह बिहार प्रभारी अमित यादव और राजेश सिन्हा सन्नी, बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष दौलत इमाम उपाध्यक्ष एवं कुमार रोहित, मंजीत आनन्द साहू और पूजा यादव ने भी अपने विचार रखे।

You may have missed