वैशाली में मॉब लिंचिंग-महिला को किया निर्वस्त्र और पीट-पीटकर ले ली जान
वैशाली।प्रदेश में भीड़ की उन्मादी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। वैशाली जिले से एक बेहद शर्मसार कर देने वाली दरिंदगी भरी खबर सामने आई है।यह मामला वैशाली जिले के सहदेई थाना क्षेत्र का है।यहां रूह कंपा देने वाली घटना हुई है।एक युवती को बच्चा चोरी का आरोप लगाकर उन्मादी भीड़ ने उसे निर्वस्त्र कर पीटते हुए पहले सड़कों पर घुमाया, फिर पीट-पीटकर जान ले ली। मौका ए वारदात पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहदेई थाना क्षेत्र के पहाड़पुर तोई गांव में गुरुवार की सुबह एक अनजान युवती देखी गई। भीड़ ने उसे घेर लिया।अचानक।कुछ ही देर बाद उसपर बच्चा चोरी का आरोप लगा दिया गया। अफवाह उड़ते ही भीड़ जुट गई। मारते-मारते भीड़ ने उसे निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद भी पिटाई जारी रही। जिसके हाथ में जो लगा, उसने उसी से पीटा।
उन्मादी भीड़ ने युवती को इतना पीटा कि उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद लोग शव छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही गांव में बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती कर दी गई है।


