नालंदा जहरीली शराबकांड के मुख्य आरोपी सुनीता देवी समेत अन्य के घरों पर चला बुलडोजर, जानिए पूरा मामला

नालंदा, बिहार। नालंदा के सोहसराय थाना इलाके के पहड़तल्ली में जहरीली शराब पीने से 16 जनवरी को 12 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 19 धंधेबाज को क्षेत्र में चिह्नित किया गया था। शुक्रवार को सभी 19 घरों को प्रशासन की मौजूदगी में तोड़ा जा रहा है। इसकी शुरुआत मुख्य धंधेबाज सुनीता मैडम के घर से किया गया है। उसके घर से कट्टा भी बरामद किया गया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में सुरक्षा बल सुबह से ही इलाके में कैंप कर रहे हैं। किसी भी तरह की विधि व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न ना हो इसके लिए DCLR, सदर SDO, सदर DSP, BDO, CO, सोहसराय थाना अध्यक्ष, सैप एवं बिहार पुलिस के जवान भारी संख्या में मौके पर मौजूद हैं। अतिक्रमित मकान को हटाने का अल्टीमेटम दिया था, इसकी समय सीमा पार हो गई थी। शराब कांड के बाद प्रशासन ने इलाके का सर्वे कर करीब 12,00 से अधिक लोगों को नोटिस भेजकर जमीन संबंधित कागजातों की मांग की थी। हो-हंगामे के बाद सिर्फ जहरीली शराब कांड के आरोपियों के घर को तोड़ने की बात कही गई थी। इसके बाद शुक्रवार को बुलडोजर चल रहा है।

इन धंधेबाजों के घरों पर चला बुलडोजर
सुनीता देवी उर्फ मैडम, सूरज कुमार, नगीना चौधरी, संतोष चौधरी, अंडा चौधरी, देवानंद पासवान, आकाश पासवान, विकास पासवान, जितेंद्र कुमार उर्फ बोकरा, कारू पासवान, जितेंद्र चौधरी, रंजीत पासवान, पुकार विंद, चिंटू कुमार, पंकज पंडित, संजय पासवान उर्फ भोमा, मीना देवी उर्फ बुढ़िया, मितु चौधरी और चंदन पासवान के घर को तोड़ा जा रहा है।
वही सदर SDO कुमार अनुराग ने बताया, विधि व्यवस्था को सामान्य रखने के लिए हम लोग मौके पर मौजूद हैं। पुलिस बल की मौजूदगी में सभी चिह्नित घरों को तोड़ा जा रहा है। जमीन संबंधित कागजात की मांग की गई थी। ये लोग अवैध रूप से पहाड़ी इलाके में घर बना कर रह रहे थे।