आरसीपी सिंह पहुंचे पटना, हुआ भव्य स्वागत; ‘द्वितीयक इस्पात क्षेत्र के लिए नीतिगत अंत:क्षेप’ विषय पर चर्चा
पटना। संसद का सत्र खत्म होने के बाद दिल्ली प्रवास से पटना पहुंचे केन्द्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह का पटना हवाई अड्डे पर जदयू कार्यकर्ताओं व नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने भी माना है कि नीतीश कुमार देश के सही मयाने में समाजवादी नेता हैं बाकी लोग समाजवादी के नाम पर परिवारवादी है। जदयू के संस्थापक जार्ज साहब व सीएम नीतीश की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जार्ज साहब व नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गो के लिए काम किया और अपने परिवार को आगे नहीं किया। इससे सभी नेताओं को सीख लेनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि जदयू में सीएम नीतीश सबके नेता है और सभी कार्यकर्ता उनका परिवार है। इस मौके पर जदयू के प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, जदयू के वरीय नेता कन्हैया सिंह, श्याम पटेल, विशन कुमार बिट्टू, संतोष महतो, प्रगति मेहता, पूर्व विधायक रणधीर कुमार सोनी, अजंनी कुमार, अशोक वर्मा, डॉ. ललित सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं उपस्थित थे।
इस्पात मंत्रालय के लिए संसद की सलाहकार समिति की बैठक


इसके पहले केंद्रीय मंत्री राम चन्द्र प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को संसद भवन एनेक्सी में इस्पात मंत्रालय के लिए संसद की सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। समिति द्वारा चर्चा का विषय ‘द्वितीयक इस्पात क्षेत्र के लिए नीतिगत अंत:क्षेप’ था। इस दौरान इस्पात मंत्रालय द्वारा एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिसमें द्वितीयक इस्पात क्षेत्र के संबंध में आगे की राह सहित शक्तियों, चुनौतियों और की गई कार्रवाईयों को शामिल किया गया। बैठक में समिति के सदस्यों ने द्वितीयक इस्पात क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए। समिति के अध्यक्ष ने सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों की सराहना की और द्वितीयक इस्पात क्षेत्र के विकास और इस्पात क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। बैठक में इस्पात और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद विद्युत बरन महतो, चंद्र प्रकाश चौधरी, गिरिधारी यादव, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, प्रतापराव गोविंदराव पाटिल चिखलीकर, विजय बघेल और अखिलेश प्रसाद सिंह के अलावा मंत्रालय और सीपीएसई के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

