राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘बिहार डिजीपेक्स’ 24 से, ज्यादा से ज्यादा डाक संग्रह प्रदर्शित करने को प्राथमिकता
पटना। बिहार में राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी बिहार डिजीपेक्स-2022 का आयोजन 24 से 27 फरवरी तक किया जा रहा है। इस आयोजन में पटना सहित सुदूर जिलों के बहुसंख्यक डाक टिकट संग्राहक भी हिस्सा ले रहें हैं। इन डाक टिकट संग्राहकों का डाक संग्रह भी इस प्रदर्शनी का एक अहम हिस्सा बनेगी।
बिहार डिजीपेक्स-2022 को आनलाइन तरीके से प्रदर्शित करने के संबंध में रंजय कुमार सिंह, चीफ पोस्टमास्टर, पटना जीपीओ के द्वारा पटना शहर से उपस्थित 30 से ज्यादा डाक टिकट संग्रहकर्ताओं की बैठक पटना जीपीओ के फिलाटेलिक ब्यूरो में शनिवार को की गई। इनमें प्रमुख प्रदीप्तो मुखर्जी, एलके मिश्रा, पीके मल्लिक, सुरेन्द्र कृष्ण रस्तोगी, पंकज चौबे, टी. रहमान एवं अन्य थे। इनके साथ-साथ बिहार के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय डाक टिकट संग्रहकर्ता-फिलाटेलिस्ट ने भी बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
बैठक में सभी ने अपना पूर्ण सहयोग देने के साथ-साथ अपनी अपनी सहभागिता एवं विषयक डाक संग्रह को प्रदर्शित करने का सुनिश्चित करने का दृढ़ निश्चय दिखाया। इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नये युग के युवाओं को इस प्रदर्शनी में ज्यादा से ज्यादा अपना डाक संग्रह प्रदर्शित करने का प्राथमिकता दिया जाये, जिससे नयी पीढ़ी में डाक संग्रह करने की रूचि एवं जिज्ञासा विकसित हो सके। बिहार से संबंधित ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत इत्यादि से जुड़े मुद्दों पर विशेष आवरण का विमोचन करने का आग्रह भी किया गया, जिसमें मुख्य रूप से सिलाव खाजा, बेलगामी मिठाई इत्यादि शामिल है।
ज्ञात हो कि पटना जीपीओ के प्रांगण में राज्यस्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी को आॅनलाइन तरीके से 24 से 27 फरवरी तक आम जन के लिए प्रदर्शित किया जायेगा। इसका अवलोकन छात्र-छात्राएं, युवा इत्यादि कर सकेगें। इस प्रदर्शनी का थीम ‘इंडिया रिच कल्चर हेरिटेज’ रखा गया है।


