December 10, 2025

BIHAR : मगध के धाकड़ नेता पूर्व सांसद अरुण कुमार LJP (R) में शामिल, चिराग पासवान के साथ मिलकर लड़ेंगे सरकार से

पटना। बिहार की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले मगध के धाकड़ भूमिहार नेता पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने मंगलवार को लोजपा (रामविलास) का दामन थाम लिया। डॉ. अरुण कुमार जहानाबाद के पूर्व सांसद हैं। पिछले चुनाव में टिकट नहीं मिलने के कारण वे निर्दलीय मैदान में उतरे थे। जीत हासिल नहीं हुई। इसके बावजूद डॉ. अरुण पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के साथ मिलकर भारतीय सब लोग पार्टी का गठन कर मगध समेत पूरे बिहार में राजनीतिक रूप से बेहद सक्रिय रहे। खास तौर पर ब्रह्मर्षि समाज की राजनीति में अरुण कुमार की पकड़ मजबूत मानी जाती है। पिछले कई दिनों से उनके लोजपा (रा) में शामिल होने की चर्चा जारी थी।
आज पटना के कुर्जी मोहम्मदपुर ग्राम में आयोजित एक मिलन समारोह में पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ लोजपा में शामिल हो गए। डॉ. अरुण ने 1999 के लोकसभा चुनाव में समता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पहली बार संसद के चुनाव में विजय प्राप्त किया था। लंबे समय तक वे सीएम नीतीश कुमार के साथ समता पार्टी में थे। समता पार्टी के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. जॉर्ज फर्नांडिस के भी बेहद करीबी थे। पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार को 2004 के चुनाव में राजद के उम्मीदवार गणेश सिंह से उन्हें जहानाबाद लोकसभा चुनाव में मात मिली थी। 2009 में वे कांग्रेस के टिकट पर जहानाबाद लोकसभा चुनाव से मैदान में उतरे थे। मगर उस वक्त जदयू के उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ नेता डॉ. जगदीश शर्मा को जीत हासिल हुई थी।
2014 के लोकसभा चुनाव में डॉ. अरुण कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा के साथ मिलकर भाजपा के साथ गठबंधन किया था तथा रालोसपा पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे। जहां उन्हें जीत हासिल हुई थी। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उपेंद्र कुशवाहा तथा डॉ. अरुण कुमार की राहें जुदा हो गई थी। उपेंद्र कुशवाहा तो राजद-कांग्रेस के साथ तालमेल करके मैदान में उतर गए, लेकिन डॉ अरुण कहीं एडजस्ट नहीं हो सके। इसलिए उन्हें निर्दलीय ही जहानाबाद के चुनावी समर भूमि में उतरना पड़ा था।
पिछले वर्ष लोजपा के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा राष्ट्रीय दलित नेता के रूप में स्थापित स्व. रामविलास पासवान के निधन के बाद से चिराग पासवान के साथ पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार की नजदीकियां साफ नजर आ रही थी। लगातार उनके लोजपा में शामिल होने की कयासें लगाई जा रही थी। जिन्हें आज मूर्त रूप मिला। आज मिलन समारोह में पूर्व सांसद अरुण कुमार, फारवर्ड ब्लाक के नेता अशोक सिंह (जो अरुण कुमार के बेहद करीबी मित्र माने जाते हैं) समेत बड़ी संख्या में भारतीय सब लोग पार्टी के नेता कार्यकर्ता लोजपा में शामिल हो गए।

You may have missed