CM नीतीश का इशारा : बिहार में लगेगा कोरोना लॉकडाउन या नाईट कर्फ्यू, मंगलवार को होगा फैसला
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को 4 देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के पश्चात सीएम नीतीश ने पत्रकारों से बातचीत की। बिहार में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामले से पर कहा कि पिछली बार की तरह ही इस बार भी कोरोना के मामले अचानक तेजी से बढ़ रहे हैं, यह बड़ा ही दुखद है। जनता दरबार में शामिल होनेवालों का पहले कोरोना की जांच की जाती है। आज की जांच में 6 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। खान-पान की व्यवस्था देखने वाले एक व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। इसको लेकर हम सबों को अलर्ट रहना पड़ेगा।
बैठक में आगे का निर्णय
उन्होंने कहा कि आज पूरे बिहार से कोरोना रिपोर्ट लेने के बाद कल की बैठक में आगे का निर्णय लिया जायेगा। सरकारी कार्यालयों समेत सभी जगहों पर कोरोना की जांच की जा रही है। बिहार में प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। कुछ दिन पहले तक कोरोना की जांच में कोई व्यक्ति पॉजिटिव नहीं पाये जाते थे। पिछले 8-10 दिनों में कोरोना के मामले में थोड़ी वृद्धि देखी गई लेकिन अभी अचानक मामले में तेजी से बढ़ोत्तरी होने लगी है। बिहार में ओमिक्रॉन की जांच शुरू हो गई है। अभी कई डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। कोरोना को लेकर सबको सजग रहना जरुरी है। दुनिया भर और देश के साथ ही अब बिहार में कोरोना के मामले अचानक तेजी से सामने आ रहे हैं।
लोगों के बीच जागृति पैदा करना जरुरी
समाज सुधार अभियान आगे जारी रखने के सवाल पर सीएम नीतीश ने कहा कि अभियान के तहत कल के कार्यक्रम में जा रहे हैं। सरकार के द्वारा पहले से ही 5 जनवरी तक का गाइडलाइन जारी किया जा चुका है। अब पूरे बिहार से आज से लेकर कल शाम तक की रिपोर्ट लेने के बाद कल की बैठक में आगे का फैसला लिया जायेगा। अभी तक बिहार में कोरोना संक्रमण कंट्रोल में था, जिसके कारण हमलोग कई तरह के कार्यक्रम कर रहे थे। अब अचानक इसमें वृद्धि देखी जा रही तो पूरी स्थिति की समीक्षा कर आगे का फैसला लिया जायेगा। इसको लेकर लोगों के बीच जागृति पैदा करना जरुरी है। पिछली बार की तरह इस बार भी उन सभी जगहों पर कोरोना संक्रमितों की इलाज व दवा का पूरा प्रबंध किया गया है। आॅक्सीजन की भी कोई समस्या नहीं है। कोरोना से संबंधित हर तरह की तैयारी की गई है। कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर यूपी चुनाव टालने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी ऐसा नहीं लग रहा है क्योंकि इतना ज्यादा नहीं है कि चुनाव टाला जाय लेकिन इसको देखना पड़ेगा। कोरोना के दौर में पहले भी कई राज्यों में चुनाव हुए है। बिहार में भी एहतियात के साथ चुनाव कराये गये थे।


