खबरें फतुहा की : खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, आरोपी गिरफ्तार, नाटकीय ढ़ंग से वार्ड सदस्या गिरफ्तार, चिरप्रतीक्षित मांग पूरा होने के कगार पर
दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
फतुहा। नेहरु युवा केंद्र के तत्वावधान में स्थानीय हाईस्कूल परिसर में चल रहे दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गयी। इस दौरान दौड़, कबड्डी, भाला फेंक व उंची कूद का आयोजन किया गया था। इन खेलों में सभी विजेता प्रतिभागी को नेहरु युवा केंद्र के सौजन्य से प्रेम युथ फाउंडेशन के द्वारा शील्ड व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। सभी पुरस्कृत विजेताओं को उनकी दक्षता के मुताबिक जिला स्तर के खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल कराया जाएगा। इस मौके पर रवि प्रकाश, गोपी कुमार, साहिल कुमार, दिनेश सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।

पुलिस पर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
फतुहा। मंगलवार को पटना के नदी थाना पुलिस ने क्षेत्र के गुलमहिया चक से पुलिस पर हमला करने तथा तोड़फोड़ करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी आदित्य कुमार वर्मा है। विदित हो कि वर्ष पिछले साल फरवरी माह में सबलपुर स्थित श्मशान घाट पर नालंदा जिले की एक युवती की संदिग्ध मौत होने पर उसके परिजन अंतिम संस्कार के लिए आए थे। स्थानीय ग्रामीण उस समय युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की बात समझ काफी हंगामा किया था, तोडफोड़ भी की गई थी। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला करते हुए पथराव भी कर दिया था। इस घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उपरोक्त जानकारी नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने दी है।
उपमुखिया का वोटिंग खत्म होते ही नाटकीय ढ़ंग से वार्ड सदस्या गिरफ्तार
फतुहा। मंगलवार को प्रखंड परिसर के सभागार भवन में उस समय अफरा तफरी मच गयी जब उसफा पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने तथा उपमुखिया का वोटिंग खत्म होते ही गौरीचक थाना की पुलिस ने एक वार्ड सदस्या को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वार्ड सदस्या सुडिहा गांव की रहने वाली किरण देवी है, जो इस पंचायत चुनाव में उसफा पंचायत के वार्ड 8 से निर्वाचित हुई है।
गौरीचक थाना पुलिस के मुताबिक कुछ महीने पहले सुडीहा गांव में ही हुई मारपीट व जान मारने के प्रयास के आरोप में इनके विरुद्ध मामला दर्ज था तथा तब से वह फरार चल रही थी। वार्ड सदस्या की गिरफ्तारी पुलिस ने बड़ी ही नाटकीय ढ़ंग से की है। इस बात की भनक शपथ लेने पहुंची वार्ड सदस्या व उसके परिजनों को भी नही थी। प्रखंड परिसर में पहुंचे लोगों को लग रहा था कि पुलिस चुनाव को लेकर प्रखंड परिसर में तैनात है। शपथ ग्रहण व उप मुखिया की वोटिंग खत्म होते ही जब सभागार भवन से सभी वार्ड सदस्य बाहर आने लगे तभी गेट पर ही पुलिस के साथ आयी महिला चौकीदार ने आगे बढ़कर उसे अपने हिरासत में ले लिया तथा पुलिस गाड़ी में बैठा लेकर चले गये।

