सीतामढ़ी में पुलिस बनकर घर में घुसे डकैतों ने की 5 लाख की डकैती, जानिए पूरा मामला
सीतामढ़ी, बिहार। सीतामढ़ी में बथनाहा थाना क्षेत्र के मझौलियां गांव में रिटायर्ड शिक्षक के घर से सोमवार की रात 5 लाख रुपए की संपत्ति की डकैती हुई। 6 की संख्या में डकैतों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मेन गेट पर पहुंचने पर डकैतों ने खुद को पुलिस बताया और घर में शराब होने की बात कह, दरवाजा खोलने को कहा। घर में मौजूद तीन महिलाओं ने दरवाजा नहीं खोला तो डकैत उसे तोड़ अंदर घुस गए। इसके बाद महिलाओं के साथ मारपीट की और लूट शुरू कर दी। करीब 1 घंटे तक लूटपाट करने के बाद डकैत वहां से भाग निकले।

12 बजे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया
सभी डकैतों ने मौफलर से अपना चेहरा ढंक रखा था और पिस्टल व चाकू के सहारे घटना को अंजाम दिया। घटना के वक्त रिटायर्ड शिक्षक सत्येंद्र मिश्र के घर में उनकी पत्नी, बहू और नतिनी ही मौजूद थी। सत्येंद्र अस्पताल में भर्ती अपनी बड़ी नतिनी से मिलने गए हुए थे। उनका बेटा सीतामढ़ी से बाहर रहता है। इसी बीच सोमवार की देर रात करीब 12 बजे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। सत्येंद्र मिश्र की पत्नी ने बताया कि सभी डकैत पहले मेन गेट को खुलवाने की कोशिश कर रहे थे। जब अंदर से घर नहीं खोला तो मेन गेट का दरवाजा तोड़ दिया। फिर अंदर आ गए। घर में घुसने से पहले एक और गेट है। डकैतों ने उसे भी खोलने के लिए कहा। महिला ने जब कारण पूछा तो डकैतों ने कहा- ‘वो पुलिस हैं और आपके घर में शराब होने की सूचना पर छापेमारी करने आए हैं।’
सारे जेवरात और 50 हजार कैश ले गए
महिला ने कहा- ठीक है। मैं थाने में फोन करती हूं। अगर वहां की पुलिस बोलेगी तब दरवाजा खोलूंगी। इसके बाद डकैतों ने उस गेट को भी तोड़ दिया और घर के अंदर घुस गए। सास-बहू और नतिनी को पिस्टल और चाकू दिखा अपने कब्जे में ले लिया। उनके साथ मारपीट भी की। इसके बाद घर में रखे दोनों अलमीरा से सारे जेवरात और 50 हजार कैश निकाल लिया। डकैतों ने सास-बहू और नतिनी के पहने जेवर भी उतरवा लिया। डकैतों के भागने के बाद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण जुटे। फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है।

