February 15, 2026

PATNA : फुलवारीशरीफ के दर्जनों इलाके में अब भी झूल रहे जर्जर तार, दे रहे हादसे को न्योता

  • टूट कर गिरते जर्जर तारों से कई हो चुके हैं दुर्घटना के शिकार, कुत्ते की भी गयी जान

फुलवारी शरीफ। बिहार की राजधानी पटना समेत सूबे भर में बिजली विभाग लोगों को स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चला रही है। वहीं कई इलाके में बांस-बल्ले के जगह पोल और नए तारों को बदलने का काम भी हो रहा है। वही फुलवारी के नया टोला, बिड़ला कॉलोनी, राष्ट्रीय गंज, लालमियां की दरगाह, एफसीआई रोड, खलीलपुरा, सबजपुरा समेत दर्जनों इलाके में सालों से जो बिजली की तार जर्जर स्थिति में हैं, वो आज भी ऐसे ही हैं। फुलवारी की बात करें तो गलियों-मुहल्ले से लेकर सड़कों के किनारे बिजली के पोल पर तार जर्जर स्थिति में हैं और दुर्घटना को दावत दे रहे हैं।
लालमियां की दरगाह निवासी व्यवसायी सय्यद अहमद शरीफ, मो. तनवीर, मास्टर अंजर इमाम, छोटू भाई, अमजद हसन समेत कई लोगों ने बताया कि बिजली विभाग को अनेकों बार जर्जर तार बदलने को कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थानीय विधायक गोपाल रविदास से भी इस गंभीर समस्याओं के समाधान कराने की गुहार लगाई गई लेकिन विधायक अपने इर्द-गिर्द रहने वाले चापलूसों की आवभगत में ही लगे रहते हैं। बराबर जर्जर तार टूट कर गिरते रहते हैं, जिससे लोग दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। एक जर्जर तार टूटा देख कुत्ते ने झपट्टा मार तो करंट से उसकी जान चली गयी। गली मोहल्ले में छोटे बच्चों की जान कई बार जाते जाते बची है।
बीजेपी नगर मंडल अध्यक्ष सह पूर्व वार्ड पार्षद रमेश यादव ने बताया कि राष्ट्रीय गंज और बिड़ला कॉलोनी के कई हिस्से, जो फुलवारी विधानसभा अंतर्गत आते हैं, वहां आज भी बांस-बल्ले से बिजली सप्लाई हो रही है। यहां हमेशा दुर्घटनाओं का सिलसिला लगा रहता है। रमेश ने बताया कि अपनी ही पार्टी की सरकार में तीन सालों से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
वहीं फुलवारी विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि कई इलाके में पहले चयन के आधार पर बिजली पोल जर्जर तारों को बदलने का काम हो रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में जो इलाके छूट गए हैं, वहां भी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा।

You may have missed