October 25, 2026

जमशेदपुर : चक्रधरपुर में आम चुनने को लेकर हुआ विवाद, दो नाबालिग बहनों ने मासूम बच्ची की तौलिया से गला दबाकर की हत्या

सेंट्रल डेस्क। पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर के पोकुवाबेड़ा में गुरुवार दोपहर में आम चुनने को लेकर हुए विवाद में नाबालिग दो बहनों ने एक मासूम बच्ची की तौलिया से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया हैं। साथ ही दोनों बच्चियों को भी हिरासत में ले लिया हैं।

पोकुवाबेड़ा गांव के लेमरा बोदरा की आम पेड़ की रखवाली उसकी दो बेटियां (10 और 12 साल) कर रही थीं। गांव के ही लखीन्द्र सुंडी की छह साल की मासूम बेटी आम चुनने वहां पहुंची । इसी दौरान आम चुनने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों बहनों ने मासूम को झाड़ियों की ओर ले गई और तौलिया से उसका गला दबा दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना को गांव के ही एक 5 साल का बच्चा देख रहा था।

उसने गांव वालों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजन एवं ग्रामीण वहां पहुंचे तो देखा की बच्ची की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी चक्रधरपुर पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों बहनों के साथ पीड़ित के माता-पिता एवं प्रत्यदर्शी पांच साल के बच्चा को चक्रधरपुर थाना लाकर पूछताछ कर रही है।

चक्रधरपुर के थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले को लेकर दोनों नाबालिग बच्चियों से पूछताछ की जा रही हैं। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

You may have missed