कोरोना गाइडलाइन की उड़ी धज्जियां : धनरुआ के इंडियन बैंक में सेविकाओं का हंगामा, महिला पुलिस ने कराया शांत

मसौढ़ी। पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र के पटना-गया मुख्य सड़क पर इंडियन बैंक में करीब सौ की संख्या में पहुंची सेविकाओं ने पोषाहार राशि निकालने को लेकर हंगामा किया। इस दौरान सेविकाएं कोरोना संक्रमण से बेखबर दिखी। न तो शारीरिक दूरी का पालन कर रहीं थी और न ही सभी ने मास्क पहना था। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर हंगामा शांत कराया। करीब दो घंटे तक बैंक में हंगामा होते रहा।
बताया जाता है कि सुबह करीब 11 बजे अचानक सेविकाएं व उनके पति इंडियन बैंक की शाखा में पहुंच गए। बैंक में दो कर्मी कार्यरत थे। सेविकाएं दो महीने के पोषाहार की राशि निकालने की बात कहने लगी और बैंक कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने लगीं। दुर्व्यवहार देख गार्ड ने बैंक का मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद बैंक के बाहर से सेविकाएं चिल्ला चिल्ला कर हंगामा मचा दिया।
जब इसकी सूचना स्थानीय थाना को मिली तो सूचना पाकर थानेदार पहुंचे और हंगामा कर रहीं सेविकाओं को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मनाने को तैयार नहीं थीं। दो माह के पैसे बैंक से देने की बात कह रही थीं। इधर, पुलिस द्वारा समझाने का लगातार प्रयास विफल हो रहा था। तब थाने से महिला पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। महिला पुलिस ने बल प्रयोग कर हंगामा कर रही महिलाओं को शांत किया। बैंक के कर्मचारियों ने बताया कि सेविका किसी के इशारे पर जानबूझ कर हंगामा कर रहीं थीं। बैंक को बदनाम करने का प्रयास का किया जा रहा है।
