September 12, 2026

पप्पू यादव के समर्थन में उतरे जदयू-भाजपा नेता, सीएम नीतीश पड़े अकेले

पटना। जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अकेले हो गए हैं। सत्ताधारी दल के नेता ही सीएम पर सवाल उठा रहे हैं। सीएम के करीबी और जदयू नेता मोनाजिर हसन ने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी की जितनी निंदा की जाए, वो कम है। वे गरीबों के मसीहा के तौर पर काम कर रहे थे। वहीं श्री हसन ने कहा कि गिरफ्तारी तो छपरा के डीएम और बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी की होनी चाहिए थी। पप्पू यादव मुश्किल समय में गरीबों की मदद कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी निंदा का विषय है।
वहीं जदयू नेता विजयेंद्र यादव ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की करते हुए पूर्व सांसद की गिरफ्तारी को गलत बताया। कहा कि मानवता के आधार पर राजीव प्रताप रूडी को एक मिनट भी सांसद बने रहने का अधिकार नहीं है। पप्पू यादव को मानवता के आधार पर छोड़ देना चाहिए। एंबुलेंस मामले की जांच करके डीएम को बर्खास्त और सांसद को इस्तीफा देना चाहिए।
दूसरी ओर भाजपा एमएलसी रजनीश कुमार ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और उन्हें तुरंत रिहा करने की मांग की। बता दें इसके अलावा बिहार एनडीए में शामिल हम के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और और वीआईपी के सुप्रीमो मुकेश सहनी मंगलवार को ही पप्पू यादव की गिरफ्तारी का विरोध कर चुके हैं।
बता दें कि जाप अध्यक्ष पप्पू यादव को बीते मंगलवार को राजधानी पटना से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें मधेपुरा में दर्ज 32 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें पटना से मधेपुरा लाया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

You may have missed