CBI के पूर्व डायरेक्टर रंजीत सिन्हा के निधन पर CM नीतीश, तेजस्वी समेत कईयों ने जताया गहरा शोक, कार्यकाल के अंतिम वक्त में विवादों से भी घिरे थे
पटना। बिहार कैडर के पूर्व आईपीएस, पटना यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र और सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर रंजीत सिन्हा का निधन हो गया है। 68 वर्षीय रंजीत सिन्हा गुरुवार को ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे दिल्ली स्थित अपने आवास पर उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष ने गहरी शोक संवादना व्यक्त की है।
बता दें जमशेदपुर (अब झारखंड) में जन्मे रंजीत सिन्हा 1974 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। वर्ष 1974 में भारतीय पुलिस सेवा में आने के बाद रंजीत सिन्हा रांची, मधुबनी एवं सहरसा में एसपी, फिर मगध रेंज के डीआईजी रहे थे। बाद में वे केंद्र सरकार की सेवा में चले गए। वहां सीबीआई में डीआईजी-आईजी और सीआरपीएफ में आईजी के पद पर रहे। जब केंद्र सरकार में लालू प्रसाद रेल मंत्री थे, तब रंजीत सिन्हा आरपीएफ में डीजी बने। इसके बाद आईटीबीपी में डीजी रहे और फिर वर्ष 2012 में सीबीआई के डायरेक्टर बनाए गए। इस पद से वे दिसंबर 2014 में रिटायर हुए। अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें सराहनीय सेवा पदक व राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें सीआरपीएफ और आईटीबीपी में भी सम्मानित किया गया।
वहीं रंजीत सिन्हा अपने कार्यकाल के अंतिम वक्त में विवादों से भी घिरे। रंजीत सिन्हा जब सीबीआई के डायरेक्टर बने उसी दौरान कोयला घोटाला की जांच चल रही थी। इस मामले में सीबीआई की जांच रिपोर्ट का ड्राफ्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपने से पहले उन्होंने उसे तत्कालीन कानून मंत्री अश्विनी कुमार को दिखाया था। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सीबीआई को सरकार का तोता तक कह दिया था। बाद में इनके सरकारी आवास के विजिटर डायरी की जांच में कोयला घोटाले के कई आरोपियों के आने-जाने के प्रमाण मिले थे। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में रंजीत सिन्हा की भूमिका की जांच के लिए सीबीआई को आदेश दिया था।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीबीआई के पूर्व निदेशक रंजीत सिन्हा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि रंजीत सिन्हा 1974 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी थे। उन्होंने सीबीआई निदेशक, आईटीबीपी डीजी जैसे कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके निधन से प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
निधन पर कईयों ने जताया शोक
रंजीत सिन्हा के निधन पर बिहार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। कहा कि वे योग्य, बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई उसका बेहतर ढंग से निर्वहन किया। इसके अलावा बिहार पुलिस मुख्यालय ने अपने शोक संदेश में कहा है कि उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री है। बिहार पुलिस उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि समर्पित करती है। इनका निधन भारतीय पुलिस सेवा एवं समस्त बिहार पुलिस के लिए अपूरणीय क्षति है।


