PATNA : फतुहा में महिला की हत्या को लेकर गांव में तनाव व्याप्त, 16 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
फतुहा। आशा देवी उर्फ नीलम देवी की गोली मारकर हत्या किए जाने के दूसरे दिन भी मृत महिला के पटना के जग्गू बिगहा गांव में पीड़ित पक्ष व आरोपी पक्ष के बीच तनाव व्याप्त है। पुलिस तनाव को देखते हुए अब भी वहां कैंप कर रही है। जहां पीड़ित पक्ष के घर में महिला के बच्चों के बीच कोहराम मचा है, वहीं आरोपियों के घर सिर्फ महिलाएं ही है। इसी दौरान मृत महिला आशा देवी उर्फ नीलम देवी के पति ललन सिंह अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचे तथा मुख्य आरोपियों समेत गांव के ही 16 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने गोलीबारी करने वाला एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव के ही राजबल्लभ सिंह है, जो घटना के समय हाथ में रायफल लेकर घटनास्थल पर मौजूद था। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी एक विडियो क्लिप के आधार पर की है। पुलिस को इस संदर्भ में आरोपियों के कई विडियो क्लिप भी मिले हैं। पुलिस ने मृत महिला के बच्ची का भी बयान दर्ज किया है।


प्राथमिकी के अनुसार, बताया जाता है कि पांच दिन पहले मृत महिला की बड़ी नाबालिग बेटी गांव के ही एक दुकान से जब सौदा लाने गयी थी तो मुख्य आरोपी चंदन कुमार उसके चादर को खींच लिया था तथा सुनसान जगह पर जबरन खींच कर ले जाने का प्रयास किया था। लेकिन बच्ची किसी तरह भाग कर घर चली गई और अपनी मां से आपबीती सुनाई। इसके बाद महिला आरोपियों के घर शिकायत लेकर भी गयी थी लेकिन आरोपियों व उसके परिजनों ने उसे मारपीट कर भगा दिया था। महिला दूसरे दिन इस बात को पंचायत में उठाने की तैयारी करने लगी। आरोपी पंचायत में बात जाने से काफी गुस्से में था। आरोपियों द्वारा महिला व उसके पति को जान मारने की धमकी देने लगे। लेकिन महिला पंचायत में जाने की जिद पर अड़ी रही। इसी बात से गुस्साए आरोपियों ने बीते बुधवार को उसके घर को चारों तरफ से घेराबंदी कर गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर जब घर के लोग जहां-तहां छीपने की कोशिश किए और महिला घर से बाहर निकल भागने की कोशिश की तो मुख्य आरोपी का साथी कुंदन कुमार ने महिला के सिर पर गोली चला दी।
महिला के जमीन पर गिरते ही सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। महिला को अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी सूरत में दोषी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।

