फतुहा : बेटी के साथ हुई थी छेड़खानी, विरोध करने पर मां की गोली मारकर हत्या, घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद
फतुहा। बुधवार को एक मां को उस समय अपनी जान गंवानी पड़ी जब अपने बेटी के साथ हुए छेड़खानी के विरोध में बदमाशों से पंगा ले बैठी। मामला पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के जग्गू बिगहा गांव की है। जहां बदमाशों ने बेटी के साथ हुए छेड़खानी का विरोध किए जाने पर उसकी मां को ही गोली मार कर हत्या कर दी। बदमाशों ने महिला के ललाट पर गोली मारी है। गोली लगते ही महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि उसके परिजन तत्काल फतुहा पीएचसी लाए लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है। उधर पुलिस ने मृत महिला के शव को पीएचसी से ही पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। मृत महिला की पहचान गांव के ललन यादव की 45 वर्षीय पत्नी आशा देवी उर्फ नीलम के रुप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि महिला के तीन बेटे व तीन बेटियां है। चार दिन पहले मृत महिला की बड़ी नाबालिग बेटी शाम को घर का कुछ सौदा लाने के लिए गांव के ही एक दुकान पर गयी थी। सौदा लेकर जब घर लौटने लगी तो गांव के ही एक युवक अपने साथियों के साथ मिलकर छेड़खानी करने लगा तथा अपशब्द कहा। नाबालिग किसी तरह भाग कर घर पहुंची और आपबीती अपनी मां को सुनायी। बेटी के साथ हुए छेड़खानी को लेकर महिला दूसरे दिन आरोपी के घर शिकायत करने पहुंच गई। यही बात आरोपी को नागवार गुजरा। बुधवार की सुबह आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ महिला के घर पहुंच गया तथा उसके घर को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिस समय बदमाशों ने गोलियां चलाई, उस समय महिला का पति घर के बाहर मवेशी को चारा दे रहा था। गोलियों की आवाज सुनकर जैसे ही महिला घर से दरवाजे पर पहुंची वैसे ही बदमाशों ने उसे गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मुख्य आरोपी गांव छोड़कर फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद से गांव में दो गुटों के बीच तनाव व्याप्त है। मृत महिला के घर में कोहराम मचा हुआ है।


