NALANDA : CM नीतीश ने राजगीर में किया विस्तारित वेणुवन और घोड़ा कटोरा में नए पार्क का उद्घाटन
नालंदा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को नये साल में दो बड़ी सौगात दी है। पटना में 4/6 लेन का दीघा-पटना नई सड़क लाईन और राजगीर में वेणुवन एवं बिहार का बेस्ट पार्क की सौगात दी है। राजगीर में 27 करोड़ की लागत से 21 एकड़ भूमि पर कराए गए विस्तारित वेणुवन और घोड़ा कटोरा झील के पास बने नए पार्क का उद्घाटन सीएम नीतीश ने शुक्रवार को किया। घोड़ा कटोरा में भी चार करोड़ की लागत से चार एकड़ जमीन में पार्क का निर्माण कार्य कराया गया है।
उद्घाटन के बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर का विकास किया जा रहा है। जब साल 2009 में अपने प्रवास यात्रा के दौरान यहां आए थे तभी उन्होंने घोड़ा कटोरा समेत अन्य जगहों को विकसित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद राजगीर में घोड़ा कटोरा झील का निर्माण किया गया। साथ ही जू सफारी और नेचर सफारी का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसके अलावा भगवान बुद्ध के प्रिय स्थली वेणुवन में विहार पार्क का निर्माण किया गया है। राजगीर के बारे में जिक्र करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि प्राकृतिक रूप से सुंदर जगह है। इस वजह से नेचर सफारी का निर्माण शुरू किया गया। यह लोगों को काफी पसंद आ रहा है। नई पीढ़ी को पर्यावरण को लेकर काफी प्रेरणा मिलेगी। राजगीर एक विशिष्ट जगह है, हर धर्म के लिए यह महत्वपूर्ण है। सभी लोगों के लिए यह आकर्षक स्थल है।
पर्यटन विभाग का दावा
पर्यटन विभाग की ओर से दावा किया जा रहा है कि बिहार का यह पहला सबसे बेहतरीन पार्क साबित होगा। इधर दोनों पार्क के निर्माण कार्य हो जाने के बाद देशी-विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए यह आकर्षण का केंद्र साबित होगा। घोड़ा कटोरा में चिल्ड्रेन पार्क, नागालैंड की तर्ज पर होटल रेस्तरां, ओपिनियन थियेटर, कन्वेंशन हॉल, फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही पर्यटकों के व्यायाम के लिए एक्सरसाइज मशीन भी लगाई गई है। जो व्यायाम के साथ-साथ एक्सरसाइज भी कर सकते हैं। वहीं वेणुवन को विस्तारित कर पांच एकड़ से 21 एकड़ में कर दिया गया है। आसपास के खाली पड़े एरिया को इसमें मिलाकर वेणुवन का विस्तार किया गया है। गया से राजगीर आने पर भगवान बुद्ध इसी स्थल पर निवास करते थे। इसी के उद्देश्य से इस पार्क को और विकसित किया गया है, जिसमें एक साथ करीब 1000 पर्यटक घूम सकते हैं। यहां एक बड़ा मेडिटेशन सेंटर का भी निर्माण कार्य किया गया है, जहां बड़ी संख्या में बौद्ध धर्मावलंबी एक साथ बैठ सकेंगे।


