PATNA : BJP कार्यालय के बाहर लगे नीतीश ‘मुदार्बाद’ के नारे, आमिर हंसला के हत्या के आरोपी को रिहा करने की मांग
पटना। पटना में सोमवार को भाजपा कार्यालय के बाहर नीतीश ‘मुदार्बाद’ के नारे लगे। बीते साल 21 दिसंबर को सीएए के खिलाफ राजद के बिहार बंद के दौरान एक मुस्लिम युवक की ईंट से हत्या के आरोपी नागेश सम्राट की रिहाई को लेकर हिंदू पुत्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंच कर हंगामा करना शुरू कर दिया। समर्थकों का आरोप है कि नागेश मिश्रा को साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है।
बताते चले हिंदू पुत्र संगठन का कार्यकर्ता नागेश सम्राट पर पटना के फुलवारीशरीफ के रहनेवाले एक मुस्लिम युवक आमिर हंसला की हत्या का आरोप है। वह फिलहाल जेल में बंद है। बिहार में संशोधित नागरिकता कानून यानि सीएए के खिलाफ बुलाए गए राजद के बंद के दौरान आमिर हंसला की हत्या कर दी गई थी। मृतक आमिर हंसला बैग बनाने की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश भी की गई थी। विभिन्न दलों के नेता मृतक आमिर हंसला के परिजनों से मिलकर घटना पर दुख जताया था। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। आमिर की हत्या के करीब 10 दिन बाद शव बरामद हुआ था। फुलवारी पुलिस ने इस मामले में हिंदू पुत्र संगठन के नागेश सम्राट और हिंदू समाज संगठन के कार्यकर्ता विकास कुमार को आरोपी बनाया था। इनके अलावा 4 और लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, जब सीएए का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने तितर-बितर किया तो मृतक आमिर भी प्रदर्शन छोड़ कर भाग गया, लेकिन कुछ लड़कों ने उसे संगत गली में पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, आमिर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ईंट और नुकीली चीजों से वार कर आमिर की हत्या की गई थी। आमिर के सिर में चोट के निशान मिले थे।


