February 15, 2026

अहमद पटेल के निधन पर कांग्रेस परिवार शोकाकुल, उनकी कमी हमेशा पार्टी को खलेगी: मदन मोहन

पटना। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल की बुधवार की सुबह 3:30 बजे निधन की खबर आते ही बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शोक की लहर दौड़ गयी। अहमद पटेल कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के खास सलाहकार रहे। साथ ही कांग्रेस में उन्हें कुशल रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है। राज्यसभा सांसद स्व. अहमद पटेल ने कांग्रेस की संकटकालीन परिस्थितियों में चाणक्य के रूप में नेतृत्व देने का काम किया है। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस के विचारधारा के प्रति स्व. पटेल आजीवन समर्पित रहें। उन्होंने कई बार कांग्रेस के लिए संकटमोचक का काम किया है। डॉ. झा ने अहमद पटेल के निधन को कांग्रेस पार्टी एवं देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। कहा कि उनकी कमी हमेशा पार्टी को खलेगी।
वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. पटेल ने कांग्रेस को मजबूती देने के लिए लगातार पार्टी हित में काम किया। बिहार कैंपेनिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन को कांग्रेस के लिए गहरा आघात बताया।
संवेदना प्रकट करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, सदानन्द सिंह, विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार, एआईसीसी मुख्य मीडिया समन्वयक संजीव सिंह, प्रवक्ता राजेश राठौड़, आनन्द माधव, विधायक राजेश कुमार, संजय कुमार तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अमिता भूषण, जया मिश्र, अनिता यादव, स्नेहाशीष वर्धन आदि नेता शामिल रहे।

You may have missed