बाढ़ : छठ महापर्व को लेकर घर में था उल्लास का माहौल, अब मचा है चित्कार
बाढ़ (कमोद कुमार)। जहां पूरे घर के परिवार छठ महापर्व के उल्लास में डूबे हुए थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि जिस घर में श्रद्धापूर्वक छठ मैया का पूजन हो रहा है। उसी घर में भयानक तूफान आने वाली है। मामला बाढ़ के सकसोहरा थाना अंतर्गत दुर्जन चक गांव का है। जहां एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार सकसोहरा थाना अंतर्गत दुर्जन चक गांव निवासी स्वर्गीय सिद्धन राम के पुत्र दिलीप राम (38) कुछ दिन पहले दूसरे राज्य से कमा कर अपने गांव लौटा था। घर में दिलीप राम की संझली भाभी छठ महापर्व की हुई है। छठ महापर्व के उल्लास में पूरा परिवार डूबा हुआ था। बीते बुधवार को नहाए खाए की रात्रि दिलीप राम गांव से सटे नालंदा सीमा के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पुल पर सोया हुआ था। बताया जाता है कि दिलीप राम देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। आज सुबह जब गांव के लोग शौच के लिए उक्त पुल की ओर गए तो देखा कि एक युवक पानी में डूबा हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान दिलीप राम के रूप में हुई। इसकी खबर लोगों ने परिजनों को दिया। परिजन बदहवास होकर घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। घटना पटना और नालंदा सीमा पर होने के कारण सूचना पाकर नालंदा की बिंद थाना, पटना की सकसोहरा और बेलछी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला बिंद थाना का होने के कारण शव को बिंद पुलिस ने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। उसने बस इतना ही कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मृतक को बुधवार की रात्रि 9 बजे उक्त पुल पर सोया हुआ देखा था। पुल से पानी में गिरने के कारण मृतक के सिर से खून भी बह रहा था। मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे एक लड़का एवं एक लड़की है।

