JDU सांसद ललन सिंह की हालत में सुधार, एम्स में कोरोना से 2 लोगों की मौत
फुलवारी शरीफ। पटना एम्स में बुधवार को 2 लोगों की मौत कोरोना से हो गयी जबकि नए मरीजों में 17 मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है। जदयू सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का कोरोना इलाज में काफी सुधार हुआ है और अभी भी एम्स में चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। वहीं एम्स कोरोना नोडल आफिसर डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक पटना एम्स में पुनाईचक के 57 वर्षीय प्रदीप कुमार सिंह जबकि पुनपुन के 82 वर्षीय सहदेव सिंह की मौत हो गयी है। वहीं बुधवार को एम्स के आइसोलेशन वार्ड में 17 नये मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिसमें पटना, गया, सारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, मधेपुरा, नालंदा, औरंगाबाद, बेगूसराय, भोजपुर, अररिया, जमुई, रोहतास के मरीज शामिल हैं। इसके अलावा एम्स में 8 लोगों ने कोरोना को मात दे दिया, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।


