February 15, 2026

जहानाबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता : बालू माफिया के घर छापामारी, हथियार और 12 लाख रुपए बरामद

जहानाबाद। बिहार चुनाव को लेकर अपराधियों के खिलाफ लगातार पुलिसिया अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान पुलिस को भारी सफलता भी हाथ लग रही है। इसी क्रम में रविवार की रात जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के डमउआ गांव के निवासी बालू माफिया नीरज शर्मा एवं उसी गांव के निवासी दीपक कुमार के घरों में पुलिस ने सघन छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दोनों घरों से दो रायफल, एक देसी कट्टा, एक पिस्तौल, 20 कारतूस, गोली के नौ खोखे और 11 लाख 95 हजार 31 रुपये जब्त किया। छापेमारी में दो ट्रैक्टर और एक बाइक भी बरामद की गई है।
इस दौरान पुलिस को जम्मू-कश्मीर से निर्गत दीपक कुमार के नाम का हथियार का एक लाइसेंस कार्ड भी मिला है, जो वर्ष 2015 तक का ही नवीकरण किया गया है। छापेमारी के क्रम में नीरज शर्मा की पत्नी स्वीटी कुमारी और उनकी मां चंचला देवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि मौका पाकर नीरज और उसके पिता रणविजय शर्मा फरार होने कामयाब रहे। एसपी मीनू कुमारी ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त जानकारियां दी।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि डमउआ गांव के निवासी और बालू माफिया नीरज शर्मा अवैध हथियार और चोरी की गाड़ी रखे हुए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया और टीम में शामिल अधिकारियों एवं जवानों ने नीरज शर्मा के घर में छापेमारी कि जिसमें एक देसी राइफल, एक देसी कट्टा, एक पिस्तौल, 15 कारतूस, गोली के 9 खोखे, दो ट्रैक्टर, एक बाइक एवं 11 लाख 95 हजार 31रुपये नगद जब्त किए गए। मौका पाकर नीरज शर्मा और उनके पिता रणविजय शर्मा उर्फ लाल शर्मा भागने में सफल हो गए। जबकि पुलिस ने नीरज की पत्नी स्वीटी कुमारी और उनकी मां चंचला देवी को गिरफ्तार किया। दोनों सास-पतोहू से पुलिस ने पूछताछ की। इसके बाद डमउआ गांव में ही दीपक कुमार के घर में छापेमारी की गई तो उनकी पत्नी नूतन कुमारी के कमरे से 315 बोर का एक रायफल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किया गया। साथ ही जम्मू- कश्मीर से निर्गत लाइसेंस कार्ड बरामद किया गया है, जो दीपक कुमार के नाम से है। एसपी ने बताया कि जब्त लाइसेंस कार्ड वर्ष 2015 तक ही नवीकरण किया गया है। इस संबंध में सनहा दर्ज कर अनुज्ञप्तिधारक को दो दिनों के भीतर नवीकरण से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने की नोटिस दी गई है।
एसपी ने यह भी बताया कि बालू माफिया नीरज शर्मा के द्वारा हथियार का भय दिखाकर डमऊआ बालू घाट से अवैध रूप से बालू लदे ट्रैक्टरों से रंगदारी वसूलने का काम किया जाता था। अवैध हथियार के बल पर जान मारने की धमकी देकर ट्रैक्टर चालकों से रुपए की वसूली की जाती थी। इस संबंध में घोसी थाने में कांड संख्या 463/20 अंकित करते हुए विभिन्न धाराओं एवं शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत नीरज शर्मा, उसके पिता रणविजय शर्मा, स्वीट कुमारी और चंचला देवी को नामजद आरोपित किया गया है।
डमउआ गांव से असलहे और रुपए की बरामदगी में शामिल छापेमारी दल में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और महिला एवं पुरुष बलों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed