February 15, 2026

पटना को जाम से मुक्ति दिलाने में जुटा पुलिस मुख्यालय, जारी किया आदेश

पटना। राजधानी इन दिनों जाम से कराह रही है। राजधानी में लगातार लग रहे जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस मुख्यालय एक्टिव हो गया है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों की बैठक हुई। पुलिस मुख्यालय ने पटना में लग रहे जाम को लेकर निर्णय लिया कि तत्काल 130 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की राज्य के विभिन्न जिलों से राजधानी पटना में तैनाती की जाएगी। इसके लिए 65 पुलिस अधिकारियों और 65 सिपाही की विभिन्न जिलों से पटना में तैनाती की जाएगी। बड़े जिलों से चार-चार और छोटे जिलों से दो-दो पुलिसकर्मियों को तत्काल रवाना करने के अधिकारियों की ओर से निर्देश दे दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय के आइजी ने इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया। जारी आदेश के मुताबिक बड़े जिलों के दो-दो पुलिस अधिकारियों और दो-दो सिपाही, जबकि छोटे जिलों से एक-एक पुलिस अधिकारी और एक-एक सिपाही की प्रतिनियुक्ति तत्काल पटना करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी रेंज आइजी-डीआइजी और एसएसपी-एसपी को तत्काल प्रभाव से संबंधित पुलिस कर्मियों को पटना के लिए मुक्त करने का निर्देश दिया है।
किस जिले से कितने पुलिस
पुलिस मुख्यालय ने नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, भोजपुर, रोहतास, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, बेतिया, मोतिहारी, सारण, सिवान, गोपालगंज, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया जिले दो-दो पुलिस अधिकारियों व दो-दो सिपाही के तबादले किए गए हैं। इसके अलावा जहानाबाद, अरवल, बक्सर, कैमूर, शिवहर, बगहा, किशनगंज, अररिया, बांका, नवगछिया, शेखपुरा, जमुई और लखीसराय जिले से एक-एक पुलिस अधिकारी और सिपाही की प्रतिनियुक्ति की है।

You may have missed