February 15, 2026

बिहार चुनाव : पहले चरण की मगध और शाहाबाद में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर, जेपी नड्डा की रविवार को गया में होगी रैली

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण का चुनाव प्रचार के लिए तमाम राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है, लेकिन चुनाव प्रचार को गति देने का काम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी ने नड्डा की चुनावी रैलियों की तैयारियों में पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार की सुबह जेपी नड्डा पटना आएंगे और वे रविवार को गया जाकर वहां के गांधी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा मगध और शाहाबाद क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। गया से लौटने के बाद नड्डा पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे। इसके बाद वे राजधानी के कदमकुआं स्थित जेपी आवास पर भी जाएंगे।
गौरतलब है कि मगध क्षेत्र में गया शहर सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री प्रेम कुमार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं औरंगाबाद सीट से पार्टी के पूर्व मंत्री रामाधार सिंह और गोह सीट से पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज शर्मा किस्मत आजमा रहे हैं। गया के पूर्व सांसद हरी मांझी बोधगया सुरक्षित सीट से ताल ठोक रहे हैं। जबकि गया के वजीरगंज से वीरेंद्र सिंह मैदान में हैं। ऐसे में मगध क्षेत्र में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इसे देखते हुए पार्टी ने गया, नवादा और औरंगाबाद जिलों के साथ शाहबाद क्षेत्र को फोकस कर गया में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम तय किया है।
उधर, शाहाबाद क्षेत्र में बड़हरा से पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह, आरा से अमरेंद्र प्रताप सिंह, तरारी से कौशल कुमार सिंह और शाहपुर से मुन्नी देवी प्रत्याशी हैं। वहीं रामगढ़ से अशोक सिंह, मोहनिया से निरंजन राम, भभुआ से रिंकी रानी पांडेय और चैनपुर से बृजकिशोर बिंद किस्मत आजमा रहे हैं। इसी तरह डेहरी से सत्यनारायण सिंह यादव और काराकाट से राजेश्वर राज मैदान में हैं।

You may have missed