February 15, 2026

युवाओं व राजनीतिज्ञों को जेपी के जीवन-आदर्शों को जानने और अंगीकार करने की जरूरत: अश्विनी चौबे

पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। उनके कार्यों को याद करते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र पर सबसे बड़े आघात आपातकाल को लेकर जो उन्होंने संपूर्ण क्रांति का उद्घोष किया था, वह जनमानस की आवाज बन गई थी। कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था। भ्रष्टाचार, अत्याचार, परिवारवाद की पर्यायवाची कांग्रेस ने जनमानस पर आपातकाल लगाकर तरह-तरह के जुल्म ढाए थे।


चौबे ने कहा कि छात्र आंदोलन से उनसे निकट का संबंध था। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके आह्वान पर छात्र एकजुट होकर आंदोलन चला रहे थे। देश में लोकतंत्र को पुन: स्थापित करने में लोकनायक जयप्रकाश नारायण का योगदान अतुलनीय है। श्री चौबे ने कहा कि मैं चाहता हूं कि आज के सभी युवाओं और राजनीतिज्ञों को जेपी के जीवन और आदर्शों का अध्ययन अवश्य करना चाहिए और अपने जीवन में अंगीकार भी करना चाहिए। व्यक्तिगत लाभ की लेशमात्र भी चिंता नहीं करनेवाले जेपी जैसा विराट और विशाल व्यक्तित्व सदियों में कभी-कभी पैदा होते हैं।
पुण्यतिथि के मौके पर अश्विनी चौबे ने सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर कोरोना से अपने और अपने परिवार को बचाने एवं दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। एकजुट होकर कोरोना की लड़ाई का आह्वान किया।

You may have missed