बिहार चुनाव : भाजपा नेताओं की तस्वीर के इस्तेमाल पर रोक को लेकर लोजपा ने दिया दो-टूक जवाब
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए से अलग होकर जदयू के खिलाफ चुनावी रण में उतरने के लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के फैसले को लेकर सूबे में अब सियासत गरमाने लगा है। भाजपा ने जहां लोजपा को कड़ा संदेश देते हुए पीएम मोदी के तस्वीर का प्रयोग करने पर रोक लगा दिया है तो वहीं लोजपा ने भाजपा को दो टूक जवाब देते हुए कहा है कि हम बिहार विधानसभा चुनाव बिहारियों के नाज के लिए लड़ रहे हैं और उन्हें सम्मान दिलाना पीएम मोदी भी चाहते हैं। बताते चलें दिल्ली में पिछले दिनों हुई लोजपा संसदीय दल की बैठक में लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने जदयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया था। जबकि भाजपा के साथ गठबंधन करने की बात कही थी। जिसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि क्या लोजपा बिहार चुनाव में पीएम मोदी समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीर का इस्तेमाल कर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास करेगी। इस कयासों को विराम देते हुए भाजपा ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में लोजपा पीएम मोदी के तस्वीर का प्रयोग नहीं करेगी।
इस मामले पर भाजपा ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए लोजपा को कड़ा संदेश दे दिया है। भाजपा ने साफ कर दिया है कि लोजपा प्रमुख चिराग पासवान और पार्टी के अन्य नेता चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नाम का प्रयोग नहीं करेंगे। भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि लोजपा अपने चुनाव प्रचार के दौरान वोट मांगने के लिए पीएम मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नाम का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा के इस संदेश पर लोजपा ने भी दो-टूक जवाब दे दिया है। लोजपा का मानना है कि प्रधानमंत्री किसी पार्टी के नहीं, बल्कि देश के नेता हैं और पीएम मोदी हमारे लिए विकास मॉडल हैं। लोजपा के मुताबिक, पीएम मोदी हमारे लिए विकसित देश के विचार के रूप में हैं, साथ ही पीएम मोदी देश के प्रतीक हैं। पार्टी का कहना है कि पीएम मोदी का इस्तेमाल नहीं, बल्कि हम उनके विचारों को लेकर देश-दुनिया मे जाऐंगे। बिहार विधानसभा चुनाव हम बिहारियों के नाज के लिए लड़ रहे हैं और उन्हें सम्मान दिलाना पीएम मोदी भी चाहते हैं।


