आज विधान और संविधान पर खतरा, तेजस्वी को बिहार का सीएम बनाने की अपील : राजद
पटना। राजद कार्यालय में राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेष पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की बैठक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजनीति प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने कहा कि आज विधान और संविधान पर खतरा है, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, शिक्षा व्यवस्था चरमरा गयी है। इसलिए तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनायें।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि हर आंदोलन और बदलाव में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज बिहार में बदलाव की आवश्यकता है। बिहार की जनता तेजस्वी यादव को बिहार का भविष्य के रूप में देख रही है, इसलिए आज इस जनविरोधी सरकार को हटाने के लिए और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए अधिवक्ताओं को आगे आना होगा।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजनीति प्रसाद ने बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की जनविरोधी नीतियों की चर्चा की। जबकि उपाध्यक्ष रणविजय सिंह यादव ने कहा कि बिहार सरकार के मुखिया पर अधिवक्ताओं ने अनदेखी का आरोपी लगाया है। इस कोरोना जैसी विषम परिस्थिति में छह माह से न्यायालय बंद रहने के बावजूद अधिवक्ताओं के लिए कोई कल्याणकारी योजना नहीं लायी। इसलिए इस बार अधिवक्ता समाज वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने का निर्णय ले चुका है। मौके पर तेजस्वी यादव से चुनाव में अधिवक्ता प्रकोष्ठ के लोगों को भी चुनाव में उतारने का आग्रह किया।

बैठक में कामेश्वर सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, बादशाह शदाकत, पटना उच्च न्यायालय के विधि पदाधिकारी नागेन्द प्रसाद यादव, डॉ. उपेन्द्र प्रसाद सिंह, डॉ. मधुसुदन राय, राजकिशोर राय, गजेन्द्र प्रसाद यादव, बिहार स्टेट बार कांउसिंल के सदस्य पंकज कुमार, शहनाज फातमा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

