February 21, 2026

राजद का दावा : जदयू के कई मंत्री-विधायक हमारे संपर्क में, हरी झंडी मिलने का इंतजार

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे सियासी सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही दल बदलने का खेल भी शुरू हो गया है। सता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी तीर एक-दूसरे को साधने में जुटी है। जब से जदयू विधायक श्याम रजक ने राजद तो राजद के तीन विधायक जदयू में बीते सोमवार को शामिल हुए, तभी से दोनों दल के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गई है।
इसी क्रम में मंगलवार को राजद ने दावा किया कि जदयू के कई मंत्री और विधायक उनके संपर्क में हैं। राजद नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि जदयू के कई नेता पार्टी से नाराज चल रहे हैं, वे राजद का रुख करना चाहते हैं। राजद की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद वे जल्द ही पार्टी में शामिल हो जाएंगे। भाई वीरेंद्र ने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उनके बयान से यह साफ है कि विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी सियासी उलटफेर की संभावना है।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब युवाओं की सरकार चाहते हैं और सभी लोग राजद नेता तेजस्वी यादव की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। सीएम नीतीश के काम से जनता खुश नहीं है। बिहार में राजद के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
बता दें राजद और जदयू के बीच नेताओं को तोड़ने की होड़ सी मची है। वहीं दलबदलु भी दल बदलने में कोई मौका नहीं गंवाना चाहते हैं। जीतनराम मांझी का भी एनडीए में जाना लगभग तय है। लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के तेवर भी गरम हैं और माना जा रहा है कि जल्द सब कुछ ठीक नहीं हुआ तो लोजपा भी बड़े फैसले ले सकती है।

You may have missed