सुशांत मामले में मुंबई गई बिहार पुलिस की हो रही उपेक्षा उचित नहीं : लालू शर्मा
भागलपुर। महाराष्ट्र की पुलिस आखिर क्यों मानसिक विकलांग की तरह बिहार पुलिस के साथ व्यवहार कर रही है? इसे देखकर ऐसा लगता है कि बिहार पुलिस की जांबाज टीम से महाराष्ट्र की पुलिस विचलित हो गई है। इसीलिए सहयोग की अपेक्षा लेकर महाराष्ट्र के मुंबई पहुंची बिहार पुलिस के साथ महाराष्ट्र की पुलिस उपेक्षा कर रही है। उक्त बातें श्रद्धा भारती के संयोजक सह बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन भागलपुर के उपाध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ लालू शर्मा ने मुंबई पुलिस के इस आचरण पर क्षोभ जताते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस मामले में बिहार पुलिस की मुंबई में दिये गए दस्तक व किये जा रहे तफ्तीश को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ठाकरे साहब की पुलिस ने आपा खो दिया है और गैर-संवैधानिक तरीकों से वे बिहार पुलिस अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशांत की हत्या या आत्महत्या की मिस्ट्री सुलझाने के लिए पटना पुलिस मुंबई की खाक छान रही है, लेकिन इसमें उसे मुंबई पुलिस का सहयोग मिलने की बजाय उसके उलट मुंबई पुलिस बिहार की टीम को कोरोना काल में मूवमेंट के लिए एक वाहन तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को भारतीय संविधान के तहत ऐसे दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि भारत एक राष्ट्र है, एक संविधान है एवं एक कानून को मानने वाला लोकतंत्र का यह मजबूत देश है। ऐसे में कोई भी राज्य सरकार दूसरे राज्य सरकार की पुलिस को इस प्रकार का निम्नस्तरीय व्यवहार करने का हक नहीं है। इस तरह की हरकतें लोकतंत्र की मर्यादा को खंडित करने का तरीका है।


