कांग्रेस-राजद खेमे में बीजिंग-इस्लामाबाद जैसा सियापा क्यों छाया : सुशील मोदी
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा है कि भारतीय वायुसेना के लिए यह गौरव का क्षण है, जब उसे अत्याधुनिक मारक क्षमता से लैस 5 राफेल लड़ाकू विमान मिले। इसके साथ राफेल युग की शुरूआत हो रही है।
सुशील मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में थी, तब दस साल में विमान खरीद का समझौता नहीं कर पायी और जब सत्ता से बाहर हुई, तब वह राफेल खरीद में लगातार अड़ंगेबाजी करती रही। दो साल में फ्रांस से 31 और राफेल लड़ाकू विमान भारत को मिल जाएंगे। नयी राफेल शक्ति प्राप्त करने के लिए वायुसेना को बधाई।
मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि चीन-पाकिस्तान को खुश करने के लिए राहुल गांधी ने राफेल डील रद कराने के लिए हर हथकंडे अपनाये। संसद में गलतबयानी की गयी और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी तक का दुरुपयोग कर “चौकीदार” को चोर कहा गया, लेकिन कांग्रेस कामयाब नहीं हुई। कागज के राफेल उड़ाकर राहुल गांधी ने इसे लोकसभा चुनाव का मुद्दा बनाया, लेकिन इस कलाबाजी से उनका पोलिटिकल करियर क्रैश हो गया। उन्हें पार्टी का अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा। आज अंबाला एयरबेस पर राफेल की हैप्पी लैंडिंग से देश का उत्साह आसमान छू रहा है, लेकिन कांग्रेस और राजद के खेमे में बीजिंग-इस्लामाबाद जैसा सियापा क्यों छाया है?


