संदिग्ध मौत होने पर हो-हल्ला मचने के बाद जागा प्रशासन, 150 लोगों का लिया गया रैंडम सैंपल
फतुहा। बीते दिनों दो लोगों की अचानक संदिग्ध मौत होने पर जब राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों व मिडिया कर्मियों ने पटना के आला अधिकारियों के बीच कोरोना संदिग्धों की जांच के लिए जबरदस्त हो हल्ला मचाया तो मंगलवार को डीएम के निर्देश पर रैंडम सैंपल लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम फतुहा पहुंची। टीम द्वारा संदिग्धों का रजिस्ट्रेशन शुरू ही किया गया कि जांच के लिए दो सौ से अधिक लोग पीएचसी परिसर पहुंच गए। जांच कीट मात्र 150 थी। संख्या अधिक होने से रजिस्ट्रेशन के लिए आपाधापी होने लगी। मानों पीएचसी में कोरोना की जांच नहीं हो रही हो, बल्कि कोरोना बांटी जा रही हो। यह देखते हुए समाजसेवी शिशुपाल यादव, कपिलदेव प्रसाद, संजय गोप तथा मीडिया कर्मी पीएचसी पहुंचे और भीड़ पर नियंत्रण कर बारी-बारी से रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ संदिग्धों की रैंडम सैंपल लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को सहयोग किया। कुल 150 लोगों का रैंडम सैंपल लिया गया तथा बाकी लोगों को जल्द ही जांच कराने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधा शंकर राय के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रकिया की जाएगी। वैसे इस मौके पर उन्होंने सभी लोगों को घर पर रहने की सलाह दी तथा आवश्यक एहतियात बरतने की हिदायत दिया।


