बिहार : बागमती, अधवारा और खिरोई नदियां कई स्टेशंस पर खतरे के निशान से ऊपर, 8 जिले प्रभावित
पटना। वीडियो कॉंन्फ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया के साथ संवाद में जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस एवं आपदा प्रबंधन के अपर सचिव रामचंद्र डू ने बिहार के विभिन्न नदियों के बढ़े जलस्तर को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
सचिव संजीव हंस ने राज्य के विभिन्न नदियों के जलस्तर के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभी तीन नदियां बागमती, अधवारा और खिरोई कई स्टेशंस पर खतरे के निशान से ऊपर हैं तथा राइजिंग ट्रेंड में हैं। अधवारा नदी का जलस्तर सुंदरपुर गेज स्थल पर खतरे के निशान से 1.7 मीटर ऊपर है, जबकि खिरोई नदी कमतौल में खतरे के निशान से 1.21 मीटर ऊपर बह रही है। यह एकमी घाट दरभंगा में 44 सेंटीमीटर ऊपर है। बागमती का जलस्तर कटौंझा, हायाघाट और बेनीबाद गेज स्थलों पर खतरे के निशान से ऊपर है। कमला बलान नदी का जलस्तर झंझारपुर रेल पुल के पास खतरे के निशान से 0.60 मीटर ऊपर है, वहीं महानंदा नदी का जलस्तर पूर्णिया में ढेंगराघाट गेज स्थल पर खतरे के निशान से 37 सेंटीमीटर ऊपर है और यह राइजिंग ट्रेंड पर है। अगले 72 घंटों में महानंदा नदी के बेसिन में बारिश की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि शेष नदियों का जलस्तर अभी स्टेबल है। इसके अलावा सभी बाढ़ सुरक्षात्मक तटबंध सुरक्षित हैं।
नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिहार के 8 जिले प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव रामचंद्र डू ने बताया कि बिहार की विभिन्न नदियों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से सतर्क है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से अभी बिहार के 8 जिले सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज एवं पूर्वी चम्पारण के कुल 30 प्रखंडों की 150 पंचायतें आंशिक रूप से प्रभावित हुयी हैं, जहां आवश्यकतानुसार राहत शिविर चलाए जा रहे हैं। दरभंगा में 02 और गोपालगंज में 03 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं, जहां करीब 2,000 लोग रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोपालगंज में 08, सुपौल में 02, पूर्वी चंपारण में 08 और दरभंगा में 10 कम्युनिटी किचेन चलाए जा रहे हैं। इस प्रकार कुल 28 कम्युनिटी किचेन चलाए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन लगभग 17,000 लोग भोजन कर रहे हैं। नेपाल के विराटनगर में 110 एमएम बारिश हुई है, जिसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने संबंधित जिलाधिकारी को अलर्ट करा दिया है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग सम्पूर्ण स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।


