December 8, 2025

बिहार के शेल्टर होम्स मामले में जिलाधिकारियों पर हो कार्रवाई : आप

पटना। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार के शेल्टर होम्स मामले पर सीबीआई की रिपोर्ट को दबाने और जानबूझकर कई जिलाधिकारियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार के शेल्टर होम्स में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के मामले में सीबीआई ने राज्य के कई जिलों के जिलाधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और इस संबंध में अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंप दी है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट में भी एक याचिका दायर की गई है, जिसमें उन प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह ने बताया कि सीबीआई को बिहार के 17 शेल्टर होम्स में महिलाओं के यौन और शारीरिक उत्पीड़न की जांच सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने अपनी जांच में बिहार के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एनजीओ के गठजोड़ को भी उजागर किया है और इस संबंध में 13 की फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में सौंप दी है। इसके पूर्व सीबीआई ने बिहार सरकार को लापरवाह सरकारी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और दोषी पाए गए एनजीओ को ब्लैक लिस्ट करने की अनुशंसा की थी। सुशील सिंह ने नीतीश सरकार पर आरोप लगाया कि वह इन दोषी प्रशासनिक अधिकारियों को बचा रही है और कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही है, जबकि नैतिकता का तकाजा है कि उन दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए थी।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2018 के नवंबर में सीबीआई को मुजफ्फरपुर के साथ- साथ बिहार के 16 और शेल्टर होम की जांच करने को कहा था। टाटा इंस्टीच्यूट आॅफ सोशल साइंसेस (टिस) की जांच में इन सबमें गड़बड़ी पाई गई थी। मुजफ्फरपुर शेल्टर होम के मामले में ट्रायल कोर्ट ने 19 लोगों को सजा सुनायी है।

You may have missed