सुशील मोदी में हिम्मत है तो अतिपिछड़ा को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा करें : डॉ. सत्यानंद
पटना। लोजपा (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सत्यानंद शर्मा ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि लालू से परेशान और एनडीए से प्रताड़ित अतिपिछड़ा समाज 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनायेगी। भाजपा नेता एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी दिवास्वप्न देख रहे हैं, उस सच्चाई को नहीं समझ रहे कि 1995 में लालू यादव का अतिपिछड़ा वोट का जो जिन्न निकलता था, उसे 15 वर्षों के लालू-राबड़ी शासनकाल में अपमानित कर सत्ता से वंचित कर रखा गया था। 2005 में यही अतिपिछड़ा एनडीए को सत्ता में बिठाया था। लेकिन 15 वर्षों के जदयू-भाजपा के शासनकाल में अतिपिछड़ों को सिर्फ याचक बना दिया गया। अतिपिछड़ा के 36 प्रतिशत आबादी के बावजूद भी इन्हें प्रतिनिधित्व नहीं दिया, सिर्फ पंचायत चुनाव की दुहाई मिलते रहा। लेकिन अब अतिपिछड़ा समाज राजद गठबंधन या एनडीए दोनों में से किसी के चक्कर में आने वाली नहीं है।
आगे डॉ. शर्मा ने कहा कि सुशील मोदी को हिम्मत है तो बताएं कि 36 प्रतिशत आबादी वाले अतिपिछड़ा समुदाय के कितने सांसद और विधायक इनके दल में हंै। विधान परिषद और राज्यसभा में भाजपा के बिहार से कुल कितने सदस्य हैं और उसमें अतिपिछड़ा का कितना प्रतिशत प्रतिनिधित्व है। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी को हिम्मत है तो अतिपिछड़ा को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा करें। उक्त आशय की जानकारी पार्टी के कार्यकारी एवं मुख्य प्रवक्ता विष्णु पासवान ने दी।


