भारत-नेपाल बॉर्डर : नेपाल पुलिस की अंधाधुंध फायरिंग में एक भारतीय की मौत, तनाव बढ़ा

सीतामढ़ी। भारत-नेपाल के बीच चल रहे तनाव के बीच शुक्रवार सुबह बिहार से लगी सीमा पर नेपाल पुलिस द्वारा भारतीय किसानों पर अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस फायरिंग में एक भारतीय की मौत हो गई है, जबकि कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे सोनबरसा थाना क्षेत्र की पीपरा परसाइन पंचायत की लालबंदी जानकीनगर सीमा पर घटी है। इस घटना के बाद से भारत-नेपाल सीमा पर तनाव और ज्यादा बढ़ गया है। दोनों तरफ सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। इस घटना को लेकर एसएसबी के डीजी ने कहा कि घटना नेपाल क्षेत्र के अंदर हुई है, अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
मिली जानकारी के अनुसार, अभी भारत-नेपाल बॉर्डर सील है, जिससे दोनों देशों के बीच आवाजाही पर प्रतिबंध लगा है। इसी बीच सीतामढ़ी जिला निवासी लगन राय अपने पुत्र के साथ किसी महिला रिश्तेदार से मिलने बॉर्डर पर गए थे। नेपाल पुलिस उनको बॉर्डर से भगाना चाह रही थी। पिता-पुत्र ने थोड़ी देर की मोहल्लत मांगी तो एपीएफ (नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल) ने उनके लड़के पर लाठी चला दी और लगन राय को घसीटते हुए बॉर्डर से सौ मीटर दूर ले गई। उसके बाद उनको बंधक बना लिया। यह देखकर बॉर्डर पर क्रिकेट खेल रहे कुछ युवकों व खेतों में काम कर रहे लोगों ने नेपाल पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करना चाहा। इसी बात पर नेपाल पुलिस ने अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। ग्रामीणों की मानें तो नेपाल की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई। मृतक की पहचान जानकी नगर टोला लालबंदी निवासी नागेश्वर राय के 25 वर्षीय पुत्र विकेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं विनोद राम के पुत्र उमेश राम व सहोरवा निवासी बिंदेश्वर शर्मा के पुत्र उदय शर्मा घायल हैं। बंधक बनाया गया व्यक्ति जानकीनगर का लगन राय है।
हालांकि, नेपाल पुलिस की ओर से यह बात भी सुनने में आ रहा है कि उन लोगों ने अपनी सुरक्षा में फायरिंग की। उनका आरोप है कि भारतीय उनकी बंदूक छीनना चाह रहे थे। नेपाल पुलिस उनको तस्कर भी बता रही है। हालांकि, एक विडियो भी सामने आया है जिसमें नेपाल पुलिस लगन राय के बेटे को पीटती हुई दिख रही है।
