January 24, 2026

कोरोना से बचाव के बजाए जनसंख्या नियंत्रण में जुटी है बिहार सरकार, दे रही परिवार नियोजन किट

पटना। बिहार में तरह-तरह की खबरें आती रहती है। अभी जहां लोग कोरोना महामारी को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार लोगों को महामारी से बचाने के बजाए जनसंख्या नियंत्रण में लगी है। कोरोना से बचाव के लिए मास्क, साबुन देने के बजाए प्रवासियों को कंडोम बांट रही है। जिसे लेकर पूरे बिहार में चर्चा बना हुआ है। हालांकि बिहार परिवार नियोजन विभाग का कहना है कि इसका कोरोना वायरस से कुछ लेना देना नहीं है। हम समय समय पर परिवार नियोजन के अभियान चलाते रहते हैं।
मामला कुछ ऐसा है बाहर से बिहार आए प्रवासी मजदूरों को क्वारंटाइन सेंटर में 14 दिन तक क्वारंटाइन होने के बाद घर जाने के दौरान स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दो पैकेट कंडोम दिए जा रहे है। अधिकारियों का मानना है कि इससे जनसंख्या नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी। जिनको क्वारंटाइन सेंटर पर कंडोम का पैकेट नहीं मिल पा रहा है उन्हें आशा कार्यकत्री डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग के दौरान घर पर परिवार नियोजन का किट दे रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक बिहार में 28 से 29 लाख के बीच प्रवासी मजदूर लौटे हैं। इनमें से अधिकांश को अलग-अलग क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। अब तक 8.77 लाख लोगों ने 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी कर ली है, ऐसे में उन्हें घर जाने दे दिया गया है। वहीं अभी साढ़े पांच लाख से ज्यादा प्रवासी मजदूर राज्यभर में ब्लॉक और जिलास्तर के क्वारंटाइन सेंटर में हैं। जो प्रवासी मजदूर गांव जा रहे हैं उन्हें भी अभी बाहर निकलने की छूट नहीं होगी। ऐसे में इन परिवारों में जनसंख्या वृद्धि की संभावना बढ़ गई है। इसी को देखते हुए जब ये प्रवासी मजदूर यहां से घर जा रहे होते हैं तो पहले उनकी काउंसिलिंग की जा रही है। इसके अलावा गर्भधारण रोकने के साधन भी उन्हें दिए जा रहे है। इसमें कंडोम, माला डी आदि हैं।
बिहार परिवार नियोजन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इसका कोरोना वायरस से कुछ लेना देना नहीं है। हम समय समय पर परिवार नियोजन के अभियान चलाते रहते हैं, ऐसे में प्रवासी मजदूरों को शिक्षित करना भी हमारे उसी अभियान का हिस्सा है। हमारी कोशिश रहेगी कि राज्य में जनसंख्या नियंत्रित रहे। इसीलिए कंडोम बांटे जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक जबतक क्वारंटाइन सेंटर चलेंगे तब तक यहां के निकलने वाले मजदूरों को कंडोम दिया जाएगा।

You may have missed