छात्रों को कोटा से लाने के मामले में पटना हाईकोर्ट में सुनवाई टली
पटना। कोरोना के कारण लागू देशव्यापी लॉक डाउन के दौरान राजस्थान के कोटा सहित देश के दूसरे राज्यों में फंसे बिहार के छात्रों को वापस लाने के मामले में सोमवार को पटना हाईकोर्ट में सुनवाई टल गई। भारत सरकार के वकील हाईकोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके। अब इस मामले में सुनवाई मंगलवार को होगी। पटना के रहने वाले पवन कुमार के वकील प्रकृति शर्मा ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। याचिका में कोटा सहित दूसरे राज्यों में फंसे बिहार के छात्रों को वापस लाने की बात कही गई थी। गुरुवार को इस मामले में पहली सुनवाई हुई थी। अदालत ने निर्देश दिया था कि बिहार सरकार इस मामले में पांच दिनों के अंदर जवाब दे।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोटा से छात्रों को वापस लाने के मामले में एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि हमलोग केंद्र के गाईड लाईन के अनुसार काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार अगर नियमों में संशोधन करती है तो कोटा समेत देश के विभिन्न राज्यों में फंसे बिहार के लोगों एवं छात्र-छात्राओं को वापस लाने पर विचार करेंगे। बता दें राजस्थान में फंसे छात्रों ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गुहार लगाई है कि उन्हें वापस बुलाया जाए।


