खुलासा: एक माह बाद सुलझी हत्या की गुत्थी, शराब को लेकर की गई खाजपुरा के युवक की हत्या, एक महिला समेत 3 गिरफ्तार
फुलवारी शरीफ (अजीत)। राजधानी पटना के बेली रोड स्थित राजा बाजार के खाजपुरा इमामबाड़ा निवासी युवक शेरु खान की हत्या की गुत्थी एक माह बाद जानीपुर पुलिस ने सुलझा लिया है और इस हत्याकांड में शामिल एक महिला सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गयी विनोद मांझी की कार, तीन मोबाइल को भी बरामद कर लिया गया है। बताया जाता है कि रोज-रोज मुफ्त में शराब पिलाने की डिमांड से आजिज होकर शास्त्रीनगर थाना के मौर्या पथ में रहने वाला शराब कारोबारी विनोद मांझी ने अपनी पत्नी सुषमा देवी और सहयोगी एजाजुल उर्फ दिलावर के साथ मिलकर शेरू की हत्या कर दिया और उसकी लाश को अपने कार में रखकर पुनपुन बांध के किनारे जानीपुर थाना इलाके में फेंक कर फरार हो गये थे। पुलिस टीम ने डीएसपी संजय पांडेय के नेतृत्व में तकनीकी अनुसंधान और अन्य सोर्सेस के जरिये इस हत्याकांड को सुलझाने में कामयाबी हासिल की है।


जानीपुर थाना के थानेदार राजीव रंजन ने बताया कि विनोद मांझी ने अपनी पत्नी सुषमा देवी और सहयोगी समनपुरा राजा बाजार निवासी एजाजुल उर्फ दिलावार की मदद से शेरू खान को बरगलाकर अपनी कार में पुनपुन ले गये। पुनपुन के बसुहार गांव ले जाकर शेरू की हत्या एक लकड़ी के बलेठा से मार-मारकर कर दिया और उसकी लाश को जानीपुर थाना के अधपा गांव के पास पुनपुन सुरक्षा बांध के किनारे फेंक कर फरार हो गये थे। शेरू के परिजन उसके बारे में सिर्फ इतना ही बता पाए थे कि उसके मोबाइल पर किसी ने कॉल करके उसे जानीपुर इलाके में पेंटिंग का काम करने के लिए बुलाया था। उसके बाद से ही वह लापता था। पुलिस ने शेरू के मोबाइल की सीडीआर निकाली, तब जाकर मामले का खुलासा होता चला गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद विनोद मांझी, उसकी पत्नी सुषमा देवी और सहयोगी एजाजुल उर्फ दिलावर को जेल भेज दिया।

