February 12, 2026

छात्रों को कोटा से लाने का मामले पर पटना हाईकोर्ट में 27 अप्रैल को अगली सुनवाई

पटना। देशव्यापी लॉक डाउन के कारण राजस्थान के कोटा में फंसे बिहार के छात्रों को वापस लाने के मामले में एक याचिका पर पटना हाईकोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने बिहार सरकार को निर्देश दिया है कि 5 दिनों के अंदर इस मामले पर जवाब दें। मामले पर अगली सुनवाई 27 अप्रैल को होगी। जस्टिस हेमंत कुमार और आरके मिश्रा की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की। पटना के रहने वाले पवन कुमार के वकील प्रकृति शर्मा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में कोटा में फंसे छात्रों को वापस लाने की बात कही गई थी।
बता दें इससे पहले एक अधिवक्ता अजय ठाकुर ने इसी मामले को लेकर चीफ जस्टिस को एक पत्र लिखा था। पत्र पर संज्ञान लेते हुए चीफ जस्टिस संजय करोल ने रजिस्ट्रार जनरल को यह निर्देश दिया था कि वह इस मामले में राज्य सरकार का पक्ष लें। चीफ सेक्रेट्री को इस मामले में जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कोटा से छात्रों को बिहार वापस लाने के मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही साफ कर चुके हैं कि अगर बच्चों को वापस लाया जाएगा तो यह लॉकडाउन सफल नहीं होगा। लॉकडाउन में अगर इस तरह का खिलवाड़ होगा तो कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल सकता है।

You may have missed