नीतीश सरकार का फैसला: राशनकार्ड धारकों को मिलेंगे एक हजार, चिकित्सकों-स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहन राशि
पटना। बिहार में कोरोना वायरस को लेकर सीएम नीतीश कुमार हर हालात से निबटने के लिए ताबड़तोड़ आवश्यक निर्णय ले रहे हैं। मानों नीतीश कुमार हर पल नजर बनाए हुए हैं। ताकि सरकारी स्तर पर कोई चूक न रह जाए। एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक के बाद सीएम नीतीश ने अब बिहारवासियों के लिए राहत की घोषणा की है। लॉक डाउन से प्रभावित गरीब परिवारों को एक माह का राशन और आर्थिक सहायता देने का निर्णय गया लिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को 1 माह के मूल वेतन के बराबर बोनस देने का फैसला किया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को बोनस प्रोत्साहन राशि के तौर पर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों से राय लेने के बाद उक्त महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने लॉक डाउन के परिपेक्ष में लोगों को सहायता पैकेज देने के संबंध में निर्णय लिया है कि सभी राशन कार्डधारी परिवारों को 1 माह का राशन मुफ्त में दिया जाएगा। सभी प्रकार के पेंशन धारियों यानि की मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन को अगले 3 माह की पेंशन अग्रिम तौर पर दी जाएगी। यह राशि उनके खाते में सीधे भेजी जाएगी। इसके साथ ही कक्षा 1 से 12 के सभी छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति राशि 30 मार्च तक उनके खाते में दे दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बिहार में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लगातार डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाएं ली जा रही हैं। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों को किसी भी हालत में छुट्टी नहीं मिलेगी। लिहाजा उनकी तरफ से किए जा रहे प्रयासों को सरकार ने बोनस देकर सराहना की है।


