तेजस्वी ने दिल्ली दंगे के लिए अमित शाह को ठहराया जिम्मेदार, उठाए कई सवाल
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व राजद नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि दिल्ली में हुए दंगे के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। क्योंकि दिल्ली पुलिस का कंट्रोल अमित शाह के हाथ में है। उन्होेंने सवाल किया कि दिल्ली में भाजपा के जो नेता दंगा भड़का रहे हैं, सरकार क्यों उनको सुरक्षा दे रही है। जो लोग देश को बांटना चाह रहे हैं, उनको क्यों समर्थन किया जा रहा है? कपिल मिश्रा को वाई श्रेणी की सुरक्षा क्यों दी गई है?
तेजस्वी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी दंगा पीड़ितों से मिले, उनसे बात की। उनकी परेशानियों को समझा। आखिरकार कोई तो उनका सहारा बना। वैसे लोगों का क्या कहा जाए, जो दिल्ली में ट्रंप का स्वागत करने पहुंचे, लेकिन दंगा पीड़ितों से नहीं मिले। दंगा रोकने के लिए क्या व्यवस्था की गई? सरकार शाहीनबाग के प्रतिनिधियों से क्यों नहीं मिली? क्या वे लोग इस देश के रहने वाले नहीं हैं? वहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा की बातचीत पर तेजस्वी ने चिंता जताते हुए इसे नकारात्मक राजनीति बताया। भाजपा हर तरफ इस तरह का प्रयास करती रहती है। विधायकों को धन-बल का लालच दिया जा रहा है। जो लोग लालच में नहीं पड़ते हैं उनके पीछे सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी को लगा दिया जाता है। तेजस्वी ने आगे कहा कि इस तरह का काम उचित नहीं होता है। यह भाजपा की पुरानी टैक्टिस है। इसमें कोई नई बात नहीं है। जहां इनकी सरकार नहीं बनती है, वहां भी ये लोग सरकार बनाने के खेल में तरह-तरह के कुचक्र रचते रहते हैं।


