जब बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने भाई वीरेंद्र को कहा ‘बैठिए’, तब जानें क्या हुआ
पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राजद सदस्यों ने घोटालों और शिक्षकों की हड़ताल को मुद्दा बनाकर विधानसभा में जमकर हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले ही राजद विधायकों ने सदन पोर्टिको में जोरदार प्रदर्शन किया और जब सदन कार्यवाही शुरू हुई तो बिहार में घोटालों की जांच की मांग को लेकर राजद के विधायक अपनी-अपनी सीटों पर खड़े होकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे। इस दौरान राजद के सदस्यों ने नियोजित शिक्षकों की हड़ताल के मुद्दे पर भी नारेबाजी की।
बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार सरकार के मंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि उनके अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। मंत्री रामनारायण मंडल के बयान का जिक्र करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि मंत्री भ्रष्टाचार के सामने अपनी बेबसी सार्वजनिक तौर पर जाहिर कर रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि बिहार में सुशासन का दावा फेल हो चुका है। इस राज में बिना पैसा के कोई काम नहीं होता। खुद मंत्री ने स्वीकार किया है कि राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मी पैसा के लिए कागजात दबाए रहते हैं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बैठिए। इसके बाद राजद विधायक भाई वीरेन्द्र अपनी सीट पर बैठ गए।


