बिहार में बदला मौसम का मिजाज, आठ जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

  • तेज हवा और आकाशीय बिजली की आशंका, किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सला

पटना। बिहार में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को राज्य के आठ जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार गोपालगंज, बेगूसराय और नालंदा समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल देखे गए। पटना में भी हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण उमस का एहसास हो सकता है। विभाग का अनुमान है कि 11 मार्च के बाद राज्य का मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा। पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो बेगूसराय और जहानाबाद में सुबह के समय हल्के बादल छाए रहे, जबकि नालंदा में धुंध का असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के करीब 30 जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा और वहां किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर, गया, भोजपुर, रोहतास, नालंदा और पूर्णिया सहित कई जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, हालांकि दिन में गर्मी का एहसास हो सकता है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटे के दौरान मधेपुरा में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मधुबनी में 19.9 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद में 20.4 डिग्री सेल्सियस और वाल्मीकिनगर में 20.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अन्य जिलों की तुलना में अधिक रहा। मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है, वहां के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों से कहा है कि वे खेतों में काम करते समय सावधानी रखें और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचें। इसके अलावा बिजली के खंभों, पेड़ों और खुले मैदानों में खड़े होने से भी बचने की हिदायत दी गई है। बक्सर में भी बारिश की संभावना जताई गई है। यहां सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। इसी तरह गोपालगंज और बेगूसराय में भी बादलों की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे लोगों को मौसम में बदलाव का एहसास हो रहा है। नालंदा जिले में भी आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल हवा की गति लगभग दो किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मौसम का यह बदलाव अस्थायी है और अगले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो सकती है। हालांकि जिन क्षेत्रों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है, वहां लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में इस प्रकार के उतार-चढ़ाव का असर कृषि गतिविधियों और दैनिक जीवन पर भी पड़ सकता है, इसलिए लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना चाहिए।

You may have missed