आरा में सीबीएसई इंटर की छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- अब मुझे नहीं हो रहा, सब मेरी गलती, जा रही हूं
छात्र की फाइल फोटो।
आरा। भोजपुर जिले के आरा शहर में एक 18 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। नवादा थाना क्षेत्र के क्लब रोड मोहल्ले में गुरुवार देर रात छात्रा ने अपने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रेलवे कर्मचारी सतीश कुमार पांडेय की पुत्री अनन्या कुमारी के रूप में की गई है। वह केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही थी और शुक्रवार को उसका भौतिकी विषय का पेपर निर्धारित था। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अनन्या कुमारी पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी और उसे पीलिया की शिकायत थी। बीमारी के कारण वह मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी और पढ़ाई में उसका मन नहीं लग रहा था। गुरुवार की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। देर रात उसने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने देर रात कमरे में झांककर देखा। छात्रा को पंखे से लटका हुआ देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत नवादा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्रा ने अपनी बीमारी और मानसिक तनाव का जिक्र किया है। नोट में उसने लिखा है कि वह अब परीक्षा देने में सक्षम नहीं है और उसकी तबीयत हमेशा खराब रहती है। उसने अपने परिवार को संबोधित करते हुए लिखा कि उसकी वजह से परिवार के लोग परेशान हैं और वह स्वयं अपनी इच्छा से यह कदम उठा रही है। छात्रा ने अपने माता-पिता, बहन और भाई को अपना ख्याल रखने की अपील भी की है। परिजनों के अनुसार, अनन्या कुमारी पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में रहती थी। उसने कई बार अपने माता-पिता से कहा था कि उसका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा है। उसके पिता सतीश कुमार पांडेय, जो रेलवे विभाग में सिग्नल पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत हैं, ने उसे समझाया था कि यदि उसका मन नहीं है तो वह इस वर्ष परीक्षा न दे और अगली बार परीक्षा दे सकती है। इसके बावजूद वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी और इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि अनन्या कुमारी भोजपुरी फिल्म अभिनेता ओम प्रकाश ओझा की भांजी भी थी। उनके मामा भोजपुरी फिल्म उद्योग से जुड़े हुए हैं और कई फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है। अनन्या कुमारी अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थी। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा बड़ी बहन प्राची कुमारी और छोटा भाई अंश राज है। घटना के बाद परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


