February 11, 2026

नीतीश-भाजपा सरकार के मंत्री ने ही लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी: अरुण यादव

बिहपुर। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि बिहार सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने ही बिहपुर सीएचसी की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का पोल खोलकर रख दिया है। कमोबेश राज्यभर की स्वास्थ्य व्यवस्था की यही स्थिति है। स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली के लिए जिम्मेदार कौन? नीतीश-भाजपा सरकार में बैठे लोगों को जनता को बताना चाहिए।राजद प्रवक्ता ने कहा कि जब बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह के स्वास्थ्य चेकअप में डॉक्टर लापरवाही बरत सकती है तो आम मरीजों के साथ किस तरह की लापरवाही बरती जाती होगी, इसी से अनुमान लगाया सकता है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश-भाजपा सरकार के गलत नीतियों के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अस्पतालों में साफ, सफाई, दवाई, जाँच से लेकर मरीजों को पौष्टिक आहार की व्यवस्था तक चरमराई हुई है। न ही समय पर डॉक्टर ड्यूटी पर आते हैं, न तो समय पर नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी पर आते हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश-भाजपा सरकार में 17 साल से अधिक भाजपा कोटे के क्रमशः चंद्रमोहन राय, नंदकिशोर यादव, अश्विनी चौबे और मंगल पांडे स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं। वर्तमान में भी भाजपा कोटे से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे हैं। इन भाजपा कोटे के स्वास्थ्य मंत्री ने बिहार के स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद और चौपट कर दिया। जनता भगवान भरोसे है।

You may have missed