February 17, 2026

केसरिया में विपक्ष पर सीएम का हमला: नीतीश बोले- वे लोग आएंगे तो फालतू काम करेंगे, उनको वोट मत दीजिएगा

केसरिया/पटना। बिहार चुनाव के दूसरे चरण का शोर तेज हो चुका है और इसी बीच शुक्रवार को पूर्वी चंपारण के केसरिया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ी सभा को संबोधित किया। इस रैली में नीतीश ने विपक्ष, खासकर राजद और महागठबंधन पर जमकर वार किए और जनता से कहा कि गलत फैसला मत लीजिए, नहीं तो फिर राज्य में फालतू राजनीति और धर्म के नाम पर झगड़ा शुरू हो जाएगा।
विपक्ष पर सीधा निशाना
नीतीश कुमार ने मंच से कहा कि बिहार ने जंगलराज देखा है और लोग जानते हैं कि पिछली सरकार क्या करती थी। उनके शब्दों में, “ये लोग आएंगे तो सिर्फ हिंदू-मुसलमान कराएंगे, फालतू काम करेंगे। इसलिए इनको वोट मत दीजिएगा। वरना फिर वही माहौल बन जाएगा— झगड़ा, तनाव और विकास ठप।”उन्होंने बताया कि 2005 से पहले बिहार में लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, लेकिन उनकी सरकार आने के बाद माहौल बदला, शांति आई और समाज में सद्भाव बना। नीतीश बोले, “हमने न्याय के साथ विकास किया है। आज बच्चा-बच्ची सब बिना डर के घूमते हैं। पहले तो लोग अपने गांव से भी नहीं निकल पाते थे।”
“हम काम करते हैं, बातें नहीं”
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2005 के बाद से उन्होंने हर सेक्टर में काम किया— सड़कों से लेकर बिजली और शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक। उन्होंने कहा कि 2018 तक हर घर बिजली पहुंचाई गई और कानून-व्यवस्था मजबूत की गई। नीतीश कुमार ने कहा, “पहले इलाज नहीं, सड़क नहीं, स्कूल-कॉलेज का हाल खराब था। हमने सबको सुधारा। हमने सबको साथ लेकर, बिना किसी भेदभाव के, विकास किया। चाहे हिंदू हो या मुस्लिम, हमने सबकी भलाई के लिए काम किया।” उन्होंने कब्रिस्तान और मंदिरों की घेराबंदी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने विवाद रोकने के लिए समाधान निकाला, न कि आग में घी डाला।
रोजगार का बड़ा वादा
रैली में सीएम नीतीश ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा भी कर दी। उन्होंने कहा कि 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार का वादा किया था। अब 10 लाख नौकरी दी जा चुकी हैं और 40-50 लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा, “अब अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देंगे। तैयारी पूरी है, योजना तैयार है। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।”
महिलाओं के लिए किए काम गिनाए
नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए अपनी योजनाओं और फैसलों का जिक्र करते हुए कहा, “हमने 2006 में पंचायत में 50% आरक्षण दिया, फिर पुलिस और सरकारी नौकरियों में भी 35% आरक्षण दिया। आज बिहार पुलिस में सबसे ज्यादा महिलाएं हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि जीविका समूह आज 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं का नेटवर्क बन चुका है, जो आर्थिक रूप से महिलाओं को मजबूत कर रहा है।
माहौल गरम, जनता से अपील
नीतीश कुमार ने सभा में ये भी कहा कि केंद्र सरकार से उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है और अगले 5 साल में बिहार को और आगे बढ़ाने का प्लान तैयार है। उन्होंने जनता से साफ शब्दों में अपील की— “गलती मत कीजिएगा। वोट सोच-समझकर डालिए। हमारे साथ रहिए, बिहार आगे बढ़ेगा। उनके हाथ में जाएगा तो फिर झगड़ा-झंझट और रुकावट शुरू हो जाएगी।” केसरिया की इस सभा में नीतीश कुमार ने एक तरफ अपने विकास कार्यों का बखान किया तो दूसरी तरफ विपक्ष पर बड़ा हमला करते हुए उन्हें राज्य में अशांति और सांप्रदायिक राजनीति का जिम्मेदार बताया। अब चुनावी मैदान में माहौल और गर्म हो चुका है। एक तरफ महागठबंधन रोजगार और बदलाव की बात कर रहा है तो दूसरी तरफ एनडीए और नीतीश विकास और स्थिरता के नाम पर वोट मांग रहे हैं। बिहार की जनता 2025 के इस चुनाव में किस ओर रुख करती है— यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा, लेकिन अभी तो सियासी पारा पूरी तरह हाई मोड पर है!

You may have missed