October 16, 2026

मसौढ़ी के रजनीश हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

मसौढ़ी। पटना जिले के मसौढ़ी में रजनीश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है। घटना 1 अप्रैल की है, जब रजनीश कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की वजह एक निजी विवाद था। बताया जा रहा है कि रजनीश कुमार ने अपने गांव के ही जितेंद्र कुमार की साली को एक कागज पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर दिया था। यह बात लड़की के परिवार वालों को पता चल गई, जिससे नाराज होकर उन्होंने रजनीश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत जितेंद्र कुमार की साली ने रजनीश को फोन कर 1 अप्रैल को उस्मान चक बुलाया। जब रजनीश वहां पहुंचा तो पहले से तैयार कुछ युवकों ने उसे बुरी तरह पीट-पीटकर मार डाला और उसका शव पास के नहर में फेंक दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। मसौढ़ी के सीडीपीओ नव वैभव ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम करण कुमार और धुरी कुमार उर्फ पगला हैं। दोनों को उस्मान चक से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस मामले में लहसुना थाना में एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें पांच लोगों को नामजद किया गया था। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यह हत्याकांड गांव में काफी चर्चा का विषय बन गया है। एक मामूली सी बात को लेकर युवक की हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा और घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार वालों ने भी आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की पूरी तहकीकात जारी है।

You may have missed